
Terrorist hideout destroyed: जम्मू-कश्मीर के कुपवाड़ा जिले में सुरक्षा बलों ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। भारतीय सेना की 2 राजपूत इकाई और हंदवाड़ा पुलिस ने शनिवार सुबह हफरुदा इलाके के द्रुद के घने जंगल में संयुक्त तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान एक आतंकी ठिकाना पकड़ा गया, जिसे मौके पर ही ध्वस्त कर दिया गया। तलाशी के दौरान सुरक्षाबलों ने एक रॉकेट-प्रोपेल्ड ग्रेनेड (आरपीजी) लॉन्चर, एके-47 और पिस्तौल की गोलियां समेत विभिन्न खाद्य सामग्री बरामद की। अभियान के दौरान किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।
हथियार और गोला-बारूद बरामद
सुरक्षा सूत्रों के अनुसार, बरामद हथियारों में आरपीजी लॉन्चर और आधुनिक हथियारों की गोलियां शामिल हैं, जो आतंकी गतिविधियों के लिए इस्तेमाल की जा सकती थीं। साथ ही, ठिकाने से मिले खाद्य पदार्थ इस बात का संकेत देते हैं कि यह जगह लंबे समय से आतंकियों के छिपने और साजिश रचने के लिए इस्तेमाल हो रही थी। घने जंगल में स्थित यह ठिकाना सामान्य लोगों की नजरों से दूर और सुरक्षा बलों के लिए चुनौतीपूर्ण इलाके में था।
शांति भंग करने की कोशिश नाकाम
अधिकारियों ने बताया कि यह अभियान आतंकियों की बड़ी साजिश को नाकाम करने में मील का पत्थर साबित हुआ है। संयुक्त बलों की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई के कारण क्षेत्र में शांति भंग करने की कोशिश विफल रही। सेना और पुलिस ने दोहराया कि जम्मू-कश्मीर के नागरिकों की सुरक्षा और क्षेत्र में शांति बहाल रखने के लिए इस तरह के अभियानों को लगातार जारी रखा जाएगा।