मेरठ। वालीबाल खेलते समय एक कपड़ा कारोबारी की हार्ट अटैक से मौत हो गई। उनकी मौत से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। वह हैदराबाद में कपड़े बेचने का कारोबार करते थे। पुलिस को सूचना दिए बिना परिजनों ने शव को सुपुर्द-ए-खाक कर दिया।
सरधना थाना क्षेत्र के खिर्वा जलालपुर गांव निवासी पूर्व प्रधान सगीर कुरैशी के 45 वर्षीय पुत्र दिलशाद में हैदराबाद में कपड़ों का कारोबार करते है और इन दिनों वहां गांव में आए हुए हैं। ग्रामीणों के मुताबिक दिलशाद गुरुवार शाम को गांव के लड़कों के साथ गांव के बाहरी छोर में स्थित मैदान में वॉलीबॉल खेलने के लिए गए थे। कुछ देर खेलने के बाद वह मैदान के किनारे जाकर आराम करने लगा। युवकों ने बताया, वह घर जाने के लिए पेड़ पर रखी जर्सी को उतार रहे थे। तभी उसके सीने में दर्द हुआ और गिर गए। यह देखकर वालीबाल खेल रहे युवक दौड़ पड़े और उन्होंने तत्काल दिलशाद के परिजनों को सूचना दी।
परिजन मौके पर पहुंचे और दिलशाद को बेहोशी की हालत में पास के निजी अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने दिलशाद को मृत घोषित कर दिया। मौत का कारण हार्ट अटैक बताया जा रहा है। ग्रामीणों के मुताबिक दिलशाद को शुक्रवार सुबह वापस हैदराबाद जाना था। उनकी मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। दिलशाद के छह बच्चे, अबुजर, उजैफ, अली, माज, जैद, रुकैया व पत्नी शबनम हैं। शुक्रवार को गमगीन माहौल में दिलशाद के शव को सुपुर्द-ए-खाक कर दिया।