Thailand Visa Rules : थाइलैंड घूमने का प्लान बना रहे भारतीय यात्रियों के लिए जरूरी खबर है। वहां भारतीयों को मिलने वाली वीजा-फ्री एंट्री की सुविधा जारी रहेगी, लेकिन 15 सितंबर 2026 से बिना वीजा थाइलैंड में रहने की अधिकतम अवधि घटकर 30 दिन हो जाएगी। यानी अब भारतीय नागरिक वीजा-फ्री एंट्री के तहत लगातार 60 दिनों तक वहां नहीं ठहर सकेंगे। थाइलैंड के गृह मंत्रालय ने इस बदलाव की आधिकारिक अधिसूचना 31 अगस्त को रॉयल गजट में जारी की है।
60 दिन की जगह अब सिर्फ 30 दिन
नए नियम के बाद भारतीय पासपोर्ट धारकों को थाइलैंड पहुंचने के लिए पहले से वीजा लेने की जरूरत नहीं होगी, लेकिन वीजा-फ्री स्टे की सीमा 30 दिन रहेगी। इसका मतलब है कि जिन यात्रियों ने लंबी छुट्टी, वर्केशन या कई शहरों को कवर करने वाला ट्रिप प्लान किया है, उन्हें अपनी यात्रा की अवधि नए नियम के मुताबिक तय करनी होगी। 30 दिन से ज्यादा रुकने के लिए संबंधित वीजा या वैध इमिग्रेशन प्रक्रिया पूरी करनी होगी।
छोटी छुट्टियों पर नहीं पड़ेगा खास असर
एक या दो सप्ताह की छुट्टी के लिए थाइलैंड जाने वाले भारतीय यात्रियों पर इस बदलाव का खास असर नहीं पड़ेगा। बैंकॉक, फुकेट, पटाया या दूसरे लोकप्रिय पर्यटन स्थलों की सामान्य यात्रा 30 दिनों के भीतर आसानी से पूरी की जा सकती है। असली असर उन यात्रियों पर पड़ेगा जो लंबे समय तक थाइलैंड में रहने की योजना बनाते हैं या एक ही यात्रा में देश के कई हिस्सों को कवर करना चाहते हैं।
ये भी पढ़ें : सोने की कीमतों में फिर भूचाल, पांचवें दिन भी टूटा भाव; क्या अब खरीदारी का सही समय?
लैंड बॉर्डर से एंट्री पर भी अलग नियम
थाइलैंड ने जमीन के रास्ते वीजा-फ्री एंट्री करने वाले यात्रियों के लिए अलग प्रावधान भी रखा है। ऐसे यात्रियों को आम तौर पर एक कैलेंडर वर्ष में अधिकतम दो बार वीजा-फ्री एंट्री की अनुमति होगी। इसका असर खासतौर पर उन लोगों पर पड़ सकता है जो पड़ोसी देशों से बार-बार जमीन के रास्ते थाइलैंड आते-जाते हैं।
60 देशों के यात्रियों पर होगा असर
यह बदलाव सिर्फ भारतीय यात्रियों तक सीमित नहीं है। थाइलैंड की नई व्यवस्था कुल 60 देशों के नागरिकों पर लागू होगी। इनमें ऑस्ट्रेलिया, कनाडा, फ्रांस, जर्मनी, इंडोनेशिया, इटली, जापान, मलेशिया, सिंगापुर, UAE, ब्रिटेन और अमेरिका जैसे देश भी शामिल हैं। ऐसे में 15 सितंबर के बाद थाइलैंड जाने वाले यात्रियों के लिए 30 दिन की नई सीमा अहम हो जाएगी। लंबी अवधि तक रुकने की योजना बनाने वालों को वीजा और इमिग्रेशन नियमों के अनुसार अपनी यात्रा तय करनी होगी।