Bulandshahr News: गुलावठी थाना क्षेत्र में छह वर्षीय बच्ची के अपहरण और दुष्कर्म के मामले में फरार चल रहे आरोपी को पुलिस ने देर रात मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। उसके कब्जे से अवैध तमंचा, कारतूस और बिना नंबर प्लेट की बाइक बरामद हुई है।
पुलिस टीम पर की फायरिंग
पुलिस के अनुसार, जिले में वांछित अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत गुरुवार की रात मुखबिर से सूचना मिली कि दुष्कर्म के मामले में वांछित आरोपी नत्थूगढ़ी गेट के पास बाइक लेकर खड़ा है। सूचना पर पहुंची पुलिस टीम को देखकर आरोपी भागने लगा। आगे रास्ता बंद होने पर खुद को घिरता देख उसने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें आरोपी आमिर पुत्र शमीम निवासी मोहल्ला फजरुल्ला, थाना गुलावठी के पैर में गोली लग गई। इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
ये चीजें हुई बरामद
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 315 बोर का एक अवैध तमंचा, दो जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस तथा बिना नंबर प्लेट की हीरो स्प्लेंडर बाइक बरामद की है। पुलिस के मुताबिक आरोपी ने 16 जुलाई को गुलावठी कस्बे से छह वर्षीय बच्ची का अपहरण कर उसके साथ दुष्कर्म किया था। इस संबंध में गुलावठी थाने में भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं और पॉक्सो अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। घटना के बाद से पुलिस उसकी तलाश में लगातार दबिश दे रही थी।
आरोपी शातिर प्रवृत्ति का अपराधी
पुलिस का कहना है कि आरोपी शातिर प्रवृत्ति का अपराधी है। उसके खिलाफ हापुड़ नगर थाने में हत्या, दुष्कर्म और आर्म्स एक्ट समेत दो आपराधिक मुकदमे पहले से दर्ज हैं। आरोपी के आपराधिक इतिहास की भी विस्तृत जांच की जा रही है।