Bomb making factory in Patna: पटना विश्वविद्यालय के हॉस्टलों में एक बार फिर हिंसा और वर्चस्व की राजनीति सामने आई है। सुल्तानगंज थाना क्षेत्र में छात्रों के बीच झड़प और बमबारी की घटना के बाद पुलिस ने जब हॉस्टलों पर छापेमारी की, तो हथुआ हॉस्टल से चौंकाने वाली बरामदगी हुई। पुलिस ने यहां से 40 सुतली बम, पेट्रोल बम बनाने का सामान और भारी मात्रा में विस्फोटक सामग्री जब्त की है। इस मामले में 7 छात्रों को गिरफ्तार किया गया है, जिससे पूरे कैंपस में हड़कंप मच गया है।
छापेमारी में क्या-क्या मिला
पुलिस रेड के दौरान हथुआ हॉस्टल के कमरों से 40 तैयार देसी बम, करीब 174 ग्राम बारूद, 400 मिलीलीटर पेट्रोल, 50 रोल कैप, सैकड़ों माचिस की डिब्बियां, सुतली, लोहे की कीलें और अन्य विस्फोटक सामग्री बरामद की गई। पुलिस के मुताबिक इतनी मात्रा में सामान यह साफ करता है कि मामला किसी शरारत का नहीं, बल्कि सुनियोजित हिंसा की तैयारी का है।
7 छात्र गिरफ्तार
गिरफ्तार किए गए सभी छात्र 19 से 20 साल की उम्र के हैं और सुपौल, जहानाबाद, नालंदा, अरवल और बक्सर जिलों के रहने वाले बताए जा रहे हैं। ये सभी पटना यूनिवर्सिटी के अलग-अलग हॉस्टलों या आसपास के छात्रावासों में रह रहे थे। पुलिस ने सभी को हिरासत में लेकर सुल्तानगंज थाने में गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है।
यह भी देखेंःSIR controversy: नागरिकता पर शमी की दो टूक, SIR विवाद में पेश की मिसाल
कैसे शुरू हुआ पूरा विवाद
इस कार्रवाई की जड़ मंगलवार रात कृष्णा घाट पर हुई दो छात्र गुटों की झड़प है। बताया गया कि सीवी रमन हॉस्टल के एक छात्र और जैक्सन हॉस्टल के छात्र के बीच विवाद हुआ, जो मारपीट में बदल गया। इसके बाद हालात बेकाबू हो गए और देसी बम फोड़े जाने की सूचना सामने आई।
कैंपस की सुरक्षा पर सवाल
घटना के बाद पुलिस ने पूरे इलाके में सर्च ऑपरेशन चलाया और हॉस्टलों की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। विश्वविद्यालय प्रशासन भी अलर्ट मोड में है। इस मामले ने एक बार फिर कैंपस में छात्रों की सुरक्षा और अवैध गतिविधियों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।