.jpg%3Falt%3Dmedia%26token%3D08ee45df-24dd-440c-add6-bab3623c781c&w=3840&q=75)
World's Poisonous Tree : धरती पर पेड़ों को जीवनदायिनी छाया, फल-फूल और शुद्ध वायु देने वाला माना जाता है, लेकिन क्या आप जानते हैं कि एक ऐसा भी पेड़ है जो इंसानों के लिए मौत का कारण बन सकता है? यह पेड़ इतना खतरनाक है कि इसे छूने, इसके नीचे खड़े होने या इसका फल खाने तक से जान का खतरा हो सकता है। इस ज़हरीले पेड़ का नाम है मन्चिनील (Manchineel Tree) और इसे दुनिया का सबसे ज़हरीला पेड़ माना जाता है.
कहाँ पाया जाता है मन्चिनील पेड़?
मन्चिनील का पेड़ मुख्यतः कैरेबियन द्वीपों, फ्लोरिडा (अमेरिका), सेंट्रल अमेरिका और दक्षिणी अमेरिका के उष्णकटिबंधीय तटों पर पाया जाता है. समुद्र के किनारे उगने वाला यह पेड़ अक्सर अन्य सामान्य पेड़ों की तरह दिखता है, लेकिन इसके आस-पास चेतावनी बोर्ड लगे होते हैं जो लोगों को इसके पास जाने से रोकते हैं.
यह पेड़ इतना ज़हरीला क्यों है?
मन्चिनील पेड़ के लगभग हर हिस्से में अत्यधिक विषाक्त रसायन पाए जाते हैं. इसकी छाल, पत्तियाँ, और विशेष रूप से इसका फल — जो बाहर से देखने में एक छोटे से सेब जैसा लगता है — शरीर के लिए बेहद हानिकारक होता है. इसके रस में मौजूद रसायन (phorbol) त्वचा को जलाने का काम करते हैं। अगर यह रस त्वचा पर गिर जाए तो तेज जलन, छाले और सूजन हो सकती है. अगर बारिश के दौरान इस पेड़ के नीचे कोई खड़ा हो और बारिश की बूंदें इसकी पत्तियों से टपककर शरीर पर गिरें, तो भी त्वचा पर जलन हो सकती है. इसके धुएं में भी ज़हर होता है। अगर इसकी लकड़ी को जलाया जाए, तो उसके धुएं से आंखों में जलन, अंधापन तक हो सकता है. इसका फल यदि खा लिया जाए, तो तेज उल्टी, पेट दर्द, गला सूखना और यहां तक कि जान का भी खतरा हो सकता है.
स्थानीय लोग इससे कैसे बचते हैं?
इन इलाकों में रहने वाले लोग इस पेड़ को पहचानते हैं और उससे दूर रहते हैं। कई जगहों पर इस पेड़ के तनों या आसपास चेतावनी संकेत लगे होते हैं, जिन पर "Danger – Do Not Touch" या "Poisonous Tree" लिखा होता है। कुछ जगहों पर इसकी छाल पर लाल रंग का निशान लगाकर इसे चिन्हित किया जाता है ताकि लोग इसे पहचान सकें.
मन्चिनील का नाम क्यों पड़ा?
"Manchineel" नाम की उत्पत्ति स्पेनिश शब्द "manzanilla de la muerte" से हुई है, जिसका अर्थ है "मौत का छोटा सेब"। यह नाम इसके फल के कारण पड़ा है, जो दिखने में आकर्षक होता है लेकिन ज़हर से भरपूर होता है. मन्चिनील पेड़ प्रकृति का एक अद्भुत लेकिन खतरनाक उदाहरण है. यह हमें यह सिखाता है कि हर सुंदर चीज़ जरूरी नहीं कि सुरक्षित भी हो। अगर आप कभी किसी उष्णकटिबंधीय तटीय क्षेत्र में जाएं, तो ऐसे पेड़ों से दूर रहें और चेतावनी चिन्हों का सम्मान करें.