Crime news: शुक्रवार को भोपाल के बिलकिसगंज थाना क्षेत्र स्थित एक डैम में युवक की लाश मिलने से सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान शबरी नगर निवासी लालू यादव उर्फ अर्जुन यादव के रूप में हुई है, जो बीते कुछ दिनों से लापता था।
परिजनों ने लगाया मर्डर का आरोप
मृतक की बहन ममता यादव ने दावा किया है कि 19 मई की रात को उनके भाई को नेहरू नगर स्थित पलक कॉम्प्लेक्स के एक कैफे में बुलाया गया था, जो शुभम नागेश्वर का बताया जा रहा है। ममता के मुताबिक: "सीसीटीवी फुटेज में लालू रात 12:19 बजे कैफे में जाते हुए नजर आता है, लेकिन बाहर नहीं निकलता। वहीं, रात 3 बजे चार-पांच युवक एक बड़े बॉक्स को कार में रखकर ले जाते दिख रहे हैं। मेरा दावा है कि उसी बॉक्स में मेरे भाई की लाश थी।"
CCTV में दिखा शुभम, मृतक की शर्ट और बाइक के साथ
ममता का यह भी कहना है कि CCTV फुटेज में शुभम मृतक की शर्ट और जूते पहनकर बाहर निकलता दिख रहा है, हालांकि उसने अपनी पैंट बदल ली थी। इससे पूरे मामले के सुनियोजित होने की आशंका जताई जा रही है। ममता यादव ने बताया कि उन्होंने दो दिन पहले ही CCTV फुटेज पुलिस को सौंप दिया था, लेकिन पुलिस ने कोई ठोस कदम नहीं उठाया। उनका कहना है: हम लगातार पुलिस से गुहार लगा रहे थे, लेकिन न तो किसी को बुलाया गया, न ही पूछताछ हुई। उल्टा हमें ही टाल दिया गया।"
थाना घेराव और हंगामा
जैसे ही लालू की मौत की खबर सामने आई, गुस्साए परिजनों और स्थानीय लोगों ने कमला नगर थाना पहुंचकर थाने का घेराव किया और जमकर हंगामा किया। उन्होंने पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाया और जल्द से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की।
पुलिस का बयान
ए सीपी चंद्रशेखर पांडे ने मीडिया को जानकारी देते हुए कहा: "थाना बिलकिसगंज क्षेत्र में एक अज्ञात शव मिलने की सूचना मिली थी, जिसकी पहचान अर्जुन यादव के रूप में हुई है। शव करीब दो दिन पुराना प्रतीत होता है। मर्ग कायम कर लिया गया है, पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। परिजनों की संवेदनाएं हमारे साथ हैं और जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी की जाएगी।"