Bulandshahr News: ककोड़ थाना क्षेत्र में दो दिन से लापता 12 वर्षीय छात्रा का शव मिलने से सनसनी फैल गई। छात्रा का शव वैर रेलवे स्टेशन के पास संदिग्ध परिस्थितियों में मिला। परिजनों ने बच्ची के साथ दुष्कर्म के बाद हत्या किए जाने का आरोप लगाया है। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी।
रेलवे स्टेशन के पास उसका शव बरामद
परिजनों के अनुसार छात्रा 31 जुलाई से घर से लापता थी। काफी तलाश के बाद भी उसका कोई सुराग नहीं मिला। रविवार को वैर रेलवे स्टेशन के पास उसका शव बरामद हुआ। परिजनों का आरोप है कि शव पर कपड़े नहीं थे और बच्ची की बेरहमी से हत्या की गई है। उन्होंने दुष्कर्म के बाद हत्या किए जाने की आशंका जताते हुए आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा
सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं और फोरेंसिक जांच भी कराई जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर मौत के कारण और अन्य तथ्यों की पुष्टि होगी।
हर पहलू की जा रही जांच
एसएसपी दिनेश कुमार सिंह ने बताया कि मामले की हर पहलू से गहनता से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि दोषी चाहे कोई भी हो, उसे बख्शा नहीं जाएगा और उसके खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। घटना की सूचना पर सिकंदराबाद क्षेत्र के विधायक लक्ष्मीराज सिंह भी पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे और पीड़ित परिवार से मुलाकात की। उन्होंने कहा कि दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस परिजनों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर अग्रिम कार्रवाई में जुटी है।