Bulandshahr News: स्याना कोतवाली क्षेत्र के गांव गैसूपुर चंदियाना निवासी 21 वर्षीय युवती सविता का शव शुक्रवार को ग्यासपुर और नीमखेड़ा गांव के बीच काली नदी से बरामद हुआ। शव गली-सड़ी अवस्था में मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। बताया जाता है कि सविता पुत्री बिजेंद्र कुमार अपने मामा जगपाल निवासी ग्यासपुर (थाना कोतवाली देहात) के यहां रह रही थी। करीब 19 साल पहले सड़क हादसे में उसके माता-पिता की मौत हो गई थी, जिसके बाद से वह ननिहाल में ही रह रही थी।
14 मार्च से थी लापता
14 मार्च की सुबह सविता संदिग्ध परिस्थितियों में घर से लापता हो गई थी। काफी तलाश के बाद भी जब उसका कोई सुराग नहीं लगा तो परिजनों ने थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई। इसके बाद पुलिस लगातार उसकी तलाश में जुटी हुई थी।
ग्रामीणों ने जताई हत्या की आशंका
शुक्रवार को ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस ने काली नदी से युवती का शव बरामद किया। शव की हालत देखकर ग्रामीणों ने दुष्कर्म के बाद हत्या की आशंका जताई, जिससे क्षेत्र में आक्रोश का माहौल बन गया।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में खुलासा
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में युवती की मौत गले की हड्डी टूटने से होना सामने आया है। हालांकि रिपोर्ट में दुष्कर्म की पुष्टि नहीं हुई है, जिससे कई आशंकाओं पर विराम लगा है।
पुलिस क्या कहती है
कोतवाली देहात के प्रभारी निरीक्षक रामफल सिंह के अनुसार,शुक्रवार देर शाम पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया, जिसके बाद गांव में अंतिम संस्कार कर दिया गया।प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि युवती पिछले कुछ समय से मानसिक रूप से परेशान थी और आत्महत्या की आशंका जताई जा रही है। हालांकि पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है।
परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
युवती का शव मिलने के बाद परिवार में कोहराम मच गया। परिजन गहरे सदमे में हैं और गांव में शोक का माहौल बना हुआ है।
पुलिस जांच जारी
फिलहाल पुलिस इस मामले में हर एंगल से जांच कर रही है ताकि घटना की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सके।