पिलखुवाकोतवाली क्षेत्र के गांव दहपा में स्थित जंगल में एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मृतक की पहचान करने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। पुलिस ने अज्ञात में शव का पंचनामा भरकर आवश्यक कार्रवाई की गई।
पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक श्योपाल सिंह ने बताया कि शुक्रवार शाम को सूचना मिली कि गांव दहपा में स्थित जंगल में जितेंद्र ब्रिक्स (ईंट भट्टा) के पास खेत में शव पड़ा है। सूचना के आधार पर वह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और आस पास में काम करने वाले लोगों से मामले की जानकारी की गई। जिसमें पता चला कि पिछले चार-पांच साल से आसपास के गांव और ईंट के भट्टो पर भिक्षा मांगने का काम करता था।
आवश्यक कार्रवाई की जा रही है
उन्होंने बताया कि मृतक व्यक्ति के शरीर पर कोई चोट के निशान नहीं मिले है। वह शराब पीने का भी आदी था। शराब का सेवन करने के बाद अत्यधिक ठंड में पड़े रहने से मौत होना प्रतीत हो रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के असली कारणों के बारे में जानकारी मिल पाएगी। आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।