जनपद के थाना तितावी क्षेत्र के गांव धौलडी निवासी 35 वर्षीय रवित कश्यप (प्रदेश सचिव भीम आर्मी) का शव बुलंदशहर से गांव पहुंचते ही ग्रामीणों में भारी रोष फैल चगया। परिजनों और ग्रामीणों ने उनकी हत्या की आशंका जताते हुए आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और कठोर कार्रवाई की मांग की।
कई लोग लाइन खींचने का कार्य करते थे
ग्रामीणों के अनुसार भीम आर्मी सचिव रवित कश्यप पिछले करीब दो वर्षों से बुलंदशहर के सिकंदराबाद औद्योगिक क्षेत्र सिकंदराबाद के शेरपुर में किराये के कमरे में रहकर यूपीपीसीएल की कार्यदायी संस्था में ठेकेदारी का कार्य करता था। उनके साथ गांव और आसपास क्षेत्र के कई लोग लाइन खींचने का कार्य करते थे।साथ में कार्य करने वाले लाइनमैन महेंद्र ने बताया कि रवित कश्यप रात करीब नौ बजे खाना खाने के बाद फोन पर बात करते हुए कमरे से बाहर गए थे।
पोस्टमार्टम के बाद शव को परिजनों को सौंपा
काफी देर तक वापस नहीं लौटने पर उनकी तलाश की गई। बाद में सूचना मिली कि उनका शव श्मशान घाट के पास पड़ा मिला है। घटना को लेकर हत्या की आशंका जताई जा रही है। परिजनों के अनुसार उसके सिर में चोट के निशान देखे गए। बुलंदशहर पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव को परिजनों को सौंप दिया। थाना सिकंदराबाद में अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया। जैसे ही रवित कश्यप का शव गांव धौलडी पहुंचा परिजनों में कोहराम मच गया और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए।
दोषियों को जल्द गिरफ्तार किया जाए
ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताते हुए कहा कि मामले की गंभीरता से जांच कर दोषियों को जल्द गिरफ्तार किया जाए। ग्रामीणों के एकत्र होकर रोष व्यक्त करने की सूचना मिलने पर तितावी पुलिस भी ग्रामीणों के बीच पहुंची। परिजनों से मिलने पहुंचे भीम आर्मी राष्ट्रीय अध्यक्ष विनय रतन सिंह, जिलाध्यक्ष जोनी, जिला प्रवक्ता आजाद समाज पार्टी रजब अली, पूर्व ब्लॉक प्रमुख चरथावल रंजनबीर, मोहित जिला प्रचारक भीम आर्मी, जोनी ब्लॉक अध्यक्ष बघरा आदि ने ग्रामीणों के साथ पुलिस से मांग की कि रवित की हत्या के आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए तथा उनके घरों पर बुलडोजर चलाने जैसी कठोर कार्रवाई भी अमल में लाई जाए। वहीं पुलिस का कहना है कि बुलंदशहर पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है और जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।