बुलंदशहर। शहर के एक्यूआई में 13 दिन बाद गिरावट दर्ज होकर वायु गुणवत्ता सूचकांक खराब श्रेणी में पहुंच गई। एक्यूआई में गिरावट होने के बाद लोगों को आंखों में जलन से थोड़ी राहत मिली, लेकिन एक्यूआई खराब श्रेणी में रहने से खतरा बना हुआ है। हालांकि इस माह में सिर्फ एक दिन शहर का व दो दिन खुर्जा का एक्यूआई 200 से कम रहा। शुक्रवार को बुलंदशहर का 292 और खुर्जा का 232 एक्यूआई मापा गया। उधर, ग्रेप-3 के चलते गुलावठी में मंडी रोड पर निर्माण कार्य होने पर शुक्रवार को पालिका ईओ ने 15 दिन तक रुकवा दिया।
बुलंदशहर एवं खुर्जा की वायु गुणवत्ता दिवाली के पूर्व से खराब होनी शुरू हो गई। नवंबर माह में अभी तक 21 दिन में महज एक दिन छह नवंबर को वायु गुणवत्ता सूचकांक 200 से कम रहने पर मध्यम श्रेणी में मापा गया। जबकि, एक, तीन, चार, पांच, सात व 21 नवंबर को 300 से कम और 14 नवंबर को चार सौ से अधिक एक्यूआई मापा गया। शेष दिन शहर का एक्यूआई 300 से अधिक रहा। वहीं, खुर्जा का एक व पांच नवंबर को 200 से कम और तीन, चार, छह, सात, 16, 20 व 21 नवंंबर को एक्यूआई 300 से कम मापा गया। शहरवासियों को लगातार 13 दिन बाद एक्यूआई में गिरावट होने पर राहत मिली। हालांकि सुबह के समय एक्यूआई 300 से अधिक रहा। ऐसे में सुबह के समय आंखों में जलन महसूस हुई। लेकिन जैसे-जैसे एक्यूआई में गिरावट हुई तो आंखों में जलन की समस्या भी कम होती चली गई। जिला चिकित्सालय की ओपीडी में शुक्रवार को आंखों में जलन के करीब 80 मरीज पहुंचे। जिन्हें चिकित्सकों ने परामर्श के साथ आंखों में दवा डालने की सलाह दी। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की रिपोर्ट के अनुसार शुक्रवार को बुलंदशहर का 292 तो खुर्जा का 232 एक्यूआई मापा गया।
एक्यूआई के मानक
शून्य से 50 - अच्छा
51 - 100 - संतोषजनक
101 - 200 - मध्यम
201 - 300 - खराब
301 - 400 - बेहद खराब
401 - 500 - कठोर या खतरा
गुलावठी ईओ ने रोका मंडी रोड का निर्माण कार्य
वायु प्रदूषण बढ़ने पर पिछले 10 दिन से ग्रेप का तीसरा चरण लागू है। इस दौरान सभी निर्माण कार्य पर रोक लगी हुई है। लेकिन गुलावठी में नई मंडी रोड का निर्माण कार्य खुलेआम चल रहा थ्था। यह निर्माण करीब एक करोड़ 33 लाख 68 हजार रुपये की लागत से कराया जा रहा है। शुक्रवार को पालिका ईओ शिकायत मिलने पर जांच को पहुंची तो मंडी में रोड का निर्माण कार्य होता मिला। वायु प्रदूषण को बढ़ने से रोकने के लिए एवं ग्रेप का पालन कराने के उद्देश्य से पालिका ईओ ने निर्माण कार्य को फिलहाल 15 दिन के लिए रोकने के आदेश दिए है।
विमल कुमार, क्षेत्रीय अधिकारी प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने बताया कि शहर के एक्यूआई में 13 दिन बाद कुछ राहत मिली है। ग्रेप को लेकर पाबंदी बरकरार है। प्रदूषण विभाग की टीम एवं अन्य विभाग लगातार निगरानी कर रहे है। पालिका भी पानी का छिड़काव करा रही है। मौसम में बदलाव एवं हवा की गति कुछ बढ़ने से एक्यूआई में राहत मिली है। -
ग्रेप-3 का पालन करने के तहत नई मंडी में चल रहे निर्माण कार्य को रुकवा दिया गया है। - निहारिका चौहान, पालिका ईओ गुलावठी