.jpg%3Falt%3Dmedia%26token%3D4ca437b4-4e43-4f21-9ca2-92c7f882e886&w=3840&q=75)
Facts about Ants : प्रकृति में अनेक जीव अपनी जीवनशैली और कार्यप्रणाली से हमें हैरान कर देते हैं. उनमें से एक है चींटी एक अत्यंत परिश्रमी और संगठित प्राणी। चींटियां न केवल अपने भोजन की तलाश में निरंतर लगी रहती हैं, बल्कि वह भविष्य के लिए भोजन का संग्रह भी करती हैं। खासकर बारिश या ठंड के मौसम के लिए वे पहले से तैयारी करती हैं। लेकिन अनाज को जमीन के नीचे संग्रहित करने से पहले वे जो रणनीति अपनाती हैं, वह बेहद चौंकाने वाली और समझदारी भरी होती है.
चींटियां जब अनाज के दाने जमा करती हैं, तो सबसे पहले वे इन दानों को दो भागों में तोड़ देती हैं. इसका मुख्य कारण यह होता है कि साबुत अनाज अगर नमी के संपर्क में आ जाए, तो वह अंकुरित होने लगता है और पौधा बन सकता है. लेकिन जब उसे दो भागों में तोड़ दिया जाता है, तो वह अंकुरित नहीं हो पाता। इस प्रकार चींटियां सुनिश्चित करती हैं कि संग्रहित भोजन लंबे समय तक खराब न हो और वह उसका उपयोग कर सकें.
इतना ही नहीं, चींटियां अपने बिल के अंदर नमी और तापमान को भी नियंत्रित करने का प्रयास करती हैं। वे अपने संग्रहित अनाज को सूखा रखने के लिए बिल में विशेष स्थान चुनती हैं, जहां हवा का पर्याप्त आवागमन हो और नमी कम बनी रहे। यह सारी प्रक्रिया यह दर्शाती है कि चींटियों में कितनी गहरी समझ और पूर्व योजना होती है. इस तरह चींटियां सिर्फ परिश्रम की नहीं, बल्कि बुद्धिमत्ता और योजना की भी प्रतीक हैं. उनका यह व्यवहार हमें सिखाता है कि दूरदर्शिता और मेहनत से हम भविष्य की चुनौतियों का सामना कैसे कर सकते हैं.