The Dirty Picture 2 : बॉलीवुड में कई ऐसी फिल्में हैं, जो रिलीज होने के सालों बाद भी दर्शकों के बीच चर्चा में रहती हैं. साल 2011 में रिलीज हुई विद्या बालन की फिल्म 'द डर्टी पिक्चर' भी इन्हीं फिल्मों में शामिल है. अब इस फिल्म के प्रशंसकों के लिए बड़ी खबर सामने आई है। फिल्म की निर्माता एकता कपूर ने इसके सीक्वल 'द डर्टी पिक्चर 2' की पुष्टि कर दी है. करीब 15 साल बाद इस फिल्म की कहानी को एक बार फिर बड़े पर्दे पर लाने की तैयारी की जा रही है.
एकता कपूर ने क्यों लिया सीक्वल बनाने का फैसला?
एकता कपूर ने रणवीर इलाहाबादिया के पॉडकास्ट पर बातचीत के दौरान बताया कि वह लंबे समय से इस फिल्म के अगले भाग के बारे में सोच रही थीं. अब उन्हें ऐसी कहानी मिली है, जिसे वह दर्शकों के सामने पेश करना चाहती हैं. निर्माता के मुताबिक, यह उनके बड़े आगामी प्रोजेक्ट्स में से एक है। हालांकि, उन्होंने फिल्म की कहानी से जुड़ी सभी जानकारियां फिलहाल साझा नहीं की हैं.
क्या विद्या बालन फिर आएंगी नजर?
पहली फिल्म में विद्या बालन ने मुख्य भूमिका निभाई थी. उनके साथ नसीरुद्दीन शाह, इमरान हाशमी और तुषार कपूर भी अहम किरदारों में नजर आए थे। विद्या के अभिनय को काफी सराहना मिली थी. हालांकि, सीक्वल में विद्या बालन वापसी करेंगी या नहीं, इस बारे में अभी आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है. फिल्म की नई स्टार कास्ट को लेकर भी दर्शकों को इंतजार करना होगा.
किस तरह की होगी 'द डर्टी पिक्चर 2' की कहानी?
एकता कपूर ने संकेत दिया है कि नई फिल्म भी किसी व्यक्ति की जिंदगी पर आधारित होगी. पहली फिल्म दक्षिण भारतीय अभिनेत्री सिल्क स्मिता के जीवन से प्रेरित थी. इसमें उनके करियर, लोकप्रियता और समाज के नजरिए को दिखाया गया था. एकता ने बताया कि उन्होंने सिल्क स्मिता को केवल पीड़ित महिला के रूप में नहीं देखा, बल्कि ऐसी शख्सियत के तौर पर समझा, जिसने अपनी पहचान और पसंद को खुलकर अपनाया.
रिलीज डेट को लेकर बढ़ा इंतजार
'द डर्टी पिक्चर 2' की घोषणा के बाद दर्शकों के बीच उत्सुकता बढ़ गई है. हालांकि, फिल्म की रिलीज डेट, निर्देशक और मुख्य कलाकारों के नाम अभी घोषित नहीं किए गए हैं। ऐसे में यह कहना जल्दबाजी होगी कि फिल्म कब सिनेमाघरों में आएगी. फिलहाल इतना तय है कि एकता कपूर इस कहानी को आगे बढ़ाने की तैयारी कर रही हैं.