Stylish Low Ponytail: अगर आप हर बार बालों को ऊपर बांधकर हाई पोनीटेल बना रही हैं, तो अब थोड़ा स्टाइल बदलने का समय है। लो पोनीटेल इन दिनों फैशन और ब्यूटी की दुनिया में वापस चर्चा में है। न्यूयॉर्क फैशन वीक के हालिया शो में कई मॉडल्स को गर्दन के पास बंधी पोनीटेल में देखा गया। इस स्टाइल को काफी सॉफ्ट, नेचुरल और आसानी से अपनाने वाला बताया जा रहा है।
लो पोनीटेल में नया अंदाज
इस बार लो पोनीटेल सिर्फ बालों को नीचे बांधने तक सीमित नहीं है। कहीं इसे बिल्कुल स्लीक रखा गया, तो कहीं बालों को थोड़ा खुला और नैचुरल टेक्सचर दिया गया। कुछ लुक्स में क्लिप और दूसरे हेयर एक्सेसरीज का भी इस्तेमाल हुआ। यानी इसे अपने आउटफिट और मूड के हिसाब से आसानी से बदला जा सकता है।
सेलिब्रिटी लुक जैसा चाहिए तो ऐसे करें स्टाइल
अगर आपको भी यह लुक ट्राई करना है तो बालों को बीच से मांग निकालकर पीछे की तरफ ले जाएं और गर्दन के ठीक ऊपर बांधें। बहुत ज्यादा टाइट करने की जरूरत नहीं है। सामने से कुछ बाल हल्के खुले छोड़ सकती हैं। पार्टी लुक के लिए स्लीक फिनिश और कैजुअल लुक के लिए थोड़ा मेसी अंदाज अच्छा लगेगा।
बालों के लिए भी हल्का स्टाइल
हर दिन बालों को बहुत टाइट बांधने से बचना बेहतर है। बहुत खिंचाव वाली हेयरस्टाइल लंबे समय तक रखने पर बालों की जड़ों पर दबाव डाल सकती है। इसलिए लो पोनीटेल का ढीला और आरामदायक वर्जन रोजमर्रा के लिए एक आसान विकल्प हो सकता है।
ऑफिस से पार्टी तक हर जगह चलेगा ये लुक
लो पोनीटेल की सबसे खास बात इसकी आसानी है। इसे ऑफिस में शर्ट और ट्राउजर के साथ बनाया जा सकता है, जबकि ड्रेस या साड़ी के साथ यही हेयरस्टाइल ज्यादा एलिगेंट लग सकती है। फैशन वीक में भी इसे अलग-अलग तरीकों से पेश किया गया है, जिससे साफ है कि यह सिर्फ एक सीजन तक सीमित रहने वाला लुक नहीं है।