मेरठ। झूमर कारोबारी के परिवार को बंधक बनाकर बदमाश नकदी समेत लाखों का माल लूट कर ले गए। बदमाशों ने डेढ़ घंटे तक घर में जमकर लूटपाट की और विरोध करने पर परिवार के सदस्यों को गन प्वाइंट पर लेकर गोली मारने की धमकी दी। वारदात के बाद बदमाश परिवार के सदस्यों के हाथ पैर बांध कर भाग गए। वारदात की जानकारी मिलने पर एसपी देहात मौके पर पहुंचे और मुंडाली थाने की पुलिस ने आसपास के इलाके छानबीन की, लेकिन बदमाशों का पता नहीं चला। संदेह के आधार पर पुलिस ने कुछ लोगों पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है।
मुंडाली गांव के मोहल्ला भूड़वाला में झूमर कारोबारी जहांगीर परिवार के साथ रहते हैं। घर के बराबर में ही उनका कारखाना है। मंगलवार रात परिवार के सदस्य घर पर सो रहे थे, जबकि जहांगीर कारखाने में सोए हुए थे। जहांगीर ने बताया, मंगलवार तीन बजे चार-पांच बदमाश जंगले के सहारे से छत पर पहुंचे और ऊपर के कमरे में सो रहे उनके बेटे साजिन को बदमाशों ने गन पॉइंट पर लेकर बंधक बना लिया। इसके बाद दो-तीन बदमाश नीचे पहुंचे। वहां सो रही जहांगीर की पत्नी शहाना व बेटी के हाथ पैर बांधकर उन्हें भी बंधक बना लिया। विरोध करने पर बदमाशों ने परिवार के सदस्य को गोली मारने की धमकी दी और सभी को मुंह बंद रखने को कहा। बदमाशों ने जहांगीर की पत्नी शहाना से अलमारी की चाबी भी मांगी तो शाहना चाबी पति के पास होने की बात कह कर टाल दिया।
इसके बाद बदमाशों ने अलमारी का एक-एक लॉक तोड़ कर डेढ़ घंटे तक बेखौफ होकर घर में आराम से वारदात की। बदमाश वहां से लाखों माल लूट कर ले गए। वारदात को देखकर लगा रहा है कि बदमाशों की संख्या पांच-छह से अधिक होगी। दिन निकलने पर साजिन ने शोर मचा दिया। शोर सुनकर जहांगीर और मोहल्ले के लोग आ गए। उन्होंने परिवार के सभी सदस्यों को बंधक मुक्त किया और घटना का जानकारी डायल-112 पर पुलिस को दी। डायल-112 की पुलिस मौके पर पहुंची और मुंडाली थाना पुलिस को घटना की जानकारी दी। एसपी देहात अभिजीत कुमार मौके भी पर पहुंचे और पीड़ित परिवार से पूरे मामले की जानकारी की। इसके बाद मुंडाली थाने की पुलिस ने आसपास के इलाके में बदमाशों की तलाश की,लेकिन सफलता नहीं मिली।
बेटी की शादी के लिए बनवा जेवर भी ले गए
जहांगीर ने बताया, उन्होंने बेटी की शादी के लिए जेवर बनाकर अलमारी रखे हुए थे। बदमाश उन्हें भी लूट कर ले गए। पीड़ित ने बताया, घर की अलमारी में लगभग 4 लाख 80 हजार रुपये के अलावा करीब 10 से 12 लाख रुपये के जेवरात थे। जिन्हें बदमाश समेट कर ले गए है। जहांगीर के बेटे के कहना था कि बदमाश जिस तरह का बर्ताव कर रहे थे, उससे लग रहा था कि आज परिवार के सभी सदस्यों की जान चली जाएगी। वारदात के बाद से जहांगीर की बेटी सहमी हुई है।
वारदात से पहले रेकी की होगी
जहांगीर का मकान गांव के आखिर में है। वारदात को देखकर लगा रहा है कि बदमाशों ने पहले रेकी की होगी और उसके बाद वारदात को अंजाम दिया। जहांगीर के घर के आसपास ज्यादा मकान भी नहीं बने हुए है। इसलिए बदमाशों ने जहांगीर के मकान को निशाना बनाया। बदमाशों तक पहुंचने के लिए पुलिस गांव में लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।
चार बदमाशों ने वारदात को अंजाम दिया है। पीड़ित का मुकदमा दर्ज कर लिया है। बदमाशों को पकड़ने के लिए चार टीमें गठित की गई है। पूछताछ के लिए कुछ लोगों को संदेह के आधार पर हिरासत में लिया है। जल्द पूरी घटना का राजफाश कर दिया जाएगा।