Mahashivratri: काशी में महाशिवरात्रि की तैयारियां जोरों पर हैं। श्रीकाशी विश्वनाथ मंदिर ट्रस्ट के साथ प्रशासनिक अधिकारियों ने बैठक करके तैयारियों को अंतिम रूप दिया है। 15 फरवरी को महाशिवरात्रि पर्व के लिए श्रीवैष्णो धाम श्राइन बोर्ड ने विशेष उपहार भेजा है। वहीं, मां गौरा का श्रृंगार असम से विशेष तौर से आए वस्त्रादि से किया जाएगा। महाशिवरात्रि पर भक्तों को अनवरत 45 घंटे बाबा विश्वनाथ के दर्शन होंगे।
महाशिवरात्रि की तैयारियां
शनिवार को श्रीकाशी विश्वनाथ धाम स्थित सभागार में मंडलायुक्त, वाराणसी मंडल, पुलिस आयुक्त सहित अधिकरियों ने महत्वपूर्ण बैठक की। बैठक में नगर निगम, विद्युत विभाग, एनडीआरएफ, सीआरपीएफ, अग्निशमन विभाग, स्वास्थ्य विभाग, खाद्य सुरक्षा विभाग सहित अन्य सभी विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। महाशिवरात्रि पर्व के दौरान सभी विभागों द्वारा किए जाने वाले कार्यों को क्रॉस चेक किया गया। आवश्यक निर्देश दिए गए।
यह सामान प्रतिबंधित रहेंगे
महाशिवरात्रि पर मंदिर में प्रवेश करते समय बड़े बैग, मोबाइल फोन, स्मार्टफोन, डिजिटल घड़ी, पेन, तंबाकू, पॉलीथीन बैग, प्लास्टिक की वस्तुएं प्रतिबंधित रहेंगी। दर्शनार्थियों से अपील की गई है कि अन्य निषिद्ध सामग्री अपने साथ न लाएं या इन्हें अपने स्थान पर ही छोड़कर ही आएं। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए धाम परिसर में शुद्ध पेयजल, ग्लूकोज, ओआरएस, गुड़ और मेडिकल हेल्प डेस्क की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।
खाली पेट धाम में दर्शन के लिए न आएं
बैठक के बाद मंडलायुक्त ने धाम परिसर का निरीक्षण कर तैयारियों का स्थलीय जायजा लिया। सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए। श्रद्धालुओं और दर्शनार्थियों से अपील की गई है कि वह खाली पेट धाम में दर्शन के लिए न आएं। प्रतिबंधित वस्तुएं अपने साथ न लाएं। श्रीकाशी विश्वनाथ धाम श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सुव्यवस्थित दर्शन उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। विशेष दर्शन या स्पर्श दर्शन के लिए अनुरोध न करें, क्योंकि महाशिवरात्रि के अवसर पर इसे पूर्ण किया जाना संभव नहीं होगा।