मेरठ। दस साल की बालिका को चॉकलेट और 50 रुपये का लालच देकर डीडीसी के चालक ने उसे अगवा कर लिया और दो घंटे तक कार में घूमने के दौरान बच्ची से अश्लीलता की और दुष्कर्म का प्रयास किया। कंकरखेड़ा थाना पुलिस आनन-फानन में चार टीमें गठित कर जांच पड़ताल के बाद दे रात आरोपी को गिरफ्तार कर घटना में प्रयुक्त कार भी बरामद कर ली। पुलिस ने रविवार को ड्यूटी मजिस्ट्रेट के सामने पेश करने के बाद उसे जेल भेज दिया।
कंकरखेड़ा थाना क्षेत्र की एक कालोनी निवासी दस वर्षीय बालिका प्राथमिक स्कूल में कक्षा तीन में पढ़ती है। शनिवार सुबह वह स्कूल को देखने गई थी कि वह खला है या नहीं। स्कूल बंद होने के कारण वह साढ़े दस बजे वापस लौट रही थी। इसी दौरान स्कूल के पास उसे कार सवार एक युवक मिला और उसे चॉकलेट और 50 रुपये का लालच देकर कार में अगवा कर ले गया। दो घंटे बाद बदहवास हालत में घर पहुंची बालिका ने दादी को पूरा वाक्य बताया। दादी ने पार्षद दानिश सैफी और पूर्व पार्षद मनोज सैनी को मामले की जानकारी दी। पार्षद ने पुलिस को घटना से अवगत कराया। जानकारी मिलते ही कंकरखेड़ा पुलिस और सीओ दौराला तत्काल मौके पर पहुंचे और मेडिकल जांच के लिए बच्ची को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। बालिका से मिली जानकारी के बाद पुलिस तत्काल एक्शन में आ गई और घटनास्थल और उसके आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस ने शनिवार रात ही कार की पहचान कर ली थी।
इसके बाद पुलिस ने जांच पड़ताल के बाद रात में आरोपी 45 वर्षीय फूल कुमार निवासी गोपाल विहार थाना टीपी नगर को गिरफ्तार कर घटना में प्रयुक्त कार बरामद कर ली।। एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह ने बताया, फूल कुमार ने बालिका को स्कूल जाते हुए देखा। फिर स्कूल से लौटते समय चॉकलेट देने का झांसा दिया। कहा कि उसे कार में घुमा कर घर पर छोड़ देगा। आरोपी के झांसे में आकर बालिका कार में बैठ गई। आरोपी ने बालिका से कार के अंदर अश्लीलता की। उसे 50 रुपये देकर दुष्कर्म का प्रयास भी किया। तब बालिका कार के अंदर जोर-जोर से रोने लगी। इसी बीच आरोपित ने कार को भोला रोड पर एक पेट्रोल पंप पर रोक दिया। वहां पर बालिका के लिए टाफी लेने चला गया। तभी बालिका कार की खिड़की खोल कर भाग गई। कुछ दूर तक आरोपित ने बालिका का पीछा भी किया था। कार से कूदते समय बच्ची को चोट लग गई थी।
एसपी सिटी ने बताया, आरोपी की तलाश में चार टीमें गठित की गई थी। पुलिस ने पेट्रोल पंप से मिली फुटेज के आधार पर वैगनआर का नंबर निकाला, जो दिल्ली नंबर पर रजिस्टर्ड थी। इसके बाद कार स्वामी फूल कुमार के बारे में जानकारी मिली, जो डीटीसी चालक है। पुलिस ने फूल कुमार को घर से पकड़ लिया। उस समय आरोपी ड्यूटी पर जाने के लिए तैयार था। एसपी सिटी ने बताया, बालिका की मेडिकल रिपोर्ट सामान्य आई है। पीड़िता के परिवार वालों की तहरीर पर आरोपी पर पोक्सो एक्ट आदि की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।