Government Scholarship: हायर एजुकेशन हासिल करने का सपना देखने वाले आर्थिक रूप से कमजोर छात्रों के लिए केंद्र सरकार एक शानदार योजना लेकर आई है। जिसका नाम राष्ट्रीय स्नातकोत्तर छात्रवृत्ति (NSPG) योजना है। इस योजना के तहत पोस्ट ग्रेजुएशन करने वाले योग्य छात्रों को हर महीने 15,000 रुपये की आर्थिक मदद दी जाएगी। सरकार की इस पहल का मुख्य उद्देश्य ऐसे ही मेधावी छात्रों को आर्थिक सहायता देना है। ताकि वे बिना किसी वित्तीय बोझ के अपनी आगे की पढ़ाई पूरी कर सकें।
कितनी मिलेगी स्कॉलरशिप
इस योजना के तहत चुने गए छात्रों को हर महीने 15,000 रुपये की स्कॉलरशिप मिलेगी। यह राशि साल में 10 महीने के लिए प्रदान की जाती है। छात्र अपने दो साल के पीजी कोर्स के दौरान इस योजना का लाभ उठा सकते हैं। इस तरह पात्र छात्रों को दो वर्षों में कुल 3 लाख रुपये तक की आर्थिक सहायता मिल सकती है, जिससे उनकी पढ़ाई का खर्च काफी हद तक कम हो जाता है।
कौन कर सकता है आवेदन
इस योजना का लाभ केवल उन छात्रों को मिलेगा जो पहली बार किसी पीजी कोर्स में दाखिला ले रहे हैं। छात्र का किसी मान्यता प्राप्त कॉलेज या यूनिवर्सिटी में रेगुलर/फुल-टाइम कोर्स में एडमिशन होना जरूरी है। इसके अलावा आवेदक की आयु आवेदन के समय 30 वर्ष से कम होनी चाहिए। सरकार ने योजना का लाभ जरूरतमंद छात्रों तक पहुंचाने के लिए पारिवारिक आय की सीमा भी निर्धारित की है।
यह भी पढ़ें: NEET UG Re-Exam 2026: एनटीए ने नीट यूजी री-एग्जाम के लिए एग्जाम सिटी स्लिप किया जारी, ऐसे करें डाउनलोड
कैसे होगा चयन
राष्ट्रीय स्नातकोत्तर छात्रवृत्ति योजना में चयन ऑल इंडिया मेरिट के आधार पर किया जाएगा। यानी देशभर से आवेदन करने वाले छात्रों के शैक्षणिक प्रदर्शन और निर्धारित मानकों के आधार पर मेरिट सूची तैयार की जाएगी। इसी मेरिट लिस्ट के अनुसार योग्य उम्मीदवारों का चयन किया जाएगा। इसलिए, जिन छात्रों का पढ़ाई में अच्छा रिकॉर्ड है, उनके चुने जाने की संभावना सबसे ज्यादा होगी।
कैसे करें आवेदन
इस योजना के लिए छात्रों को ऑनलाइन आवेदन करना होगा। आवेदन राष्ट्रीय छात्रवृत्ति पोर्टल के माध्यम से स्वीकार किए जाते हैं। आवेदन के दौरान उम्मीदवारों को ई-केवाईसी (e-KYC) प्रक्रिया पूरी करनी होगी। इसके साथ ही छात्रों को कक्षा 9वीं से लेकर ग्रेजुएशन तक की मार्कशीट, प्रवेश पत्र, बैंक खाते की जानकारी और अन्य आवश्यक दस्तावेज अपलोड करने होंगे।