
गौतमबुद्धनगर के दनकौर क्षेत्र स्थित रामपुर खादर गांव में सोमवार को एक अनोखी और भव्य शादी चर्चा का विषय बन गई, जब दूल्हा अपनी दुल्हन को लेने के लिए हेलिकॉप्टर से पहुंचा। महज 25 किलोमीटर की दूरी तय करने के लिए हेलिकॉप्टर का इस्तेमाल किया गया, जिसे देखने के लिए दोनों गांवों में भारी भीड़ उमड़ पड़ी। बारात के स्वागत और हेलिकॉप्टर की लैंडिंग को लेकर गांव में उत्सव जैसा माहौल बन गया। सुरक्षा के मद्देनज़र दनकौर पुलिस भी मौके पर तैनात रही।
रामपुर गांव निवासी किसान अजय शर्मा की बेटी अंजली शर्मा की शादी बुलंदशहर जिले के ककोड़ थाना क्षेत्र के कमालपुर गांव निवासी कारोबारी राजकुमार शर्मा के बेटे अर्जुन शर्मा से तय हुई थी। रविवार की रात अर्जुन की बारात धूमधाम से रामपुर गांव पहुंची। इसके बाद सोमवार सुबह दुल्हन की विदाई हेलिकॉप्टर से की गई। यह दृश्य न केवल दुल्हन पक्ष के लिए भावुक था, बल्कि पूरे गांव के लिए रोमांचक और अविस्मरणीय बन गया।
राजकुमार शर्मा मूल रूप से कमालपुर गांव के रहने वाले हैं, लेकिन वर्तमान में दिल्ली में रहते हैं और एक सफल व्यवसायी हैं। उनके इकलौते बेटे अर्जुन की यह ख्वाहिश थी कि वह अपनी दुल्हन को हेलिकॉप्टर से लेकर जाए। बेटे की इस इच्छा को पूरा करने के लिए पिता ने लाखों रुपये खर्च कर हेलिकॉप्टर की व्यवस्था की।
हेलिकॉप्टर के गांव में उतरने और उड़ान भरने का दृश्य देखने के लिए रामपुर और कमालपुर दोनों गांवों के लोग उमड़ पड़े। बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक सभी ने इस अनोखी बारात को देखा और मोबाइल कैमरों में कैद किया। ग्रामीणों के लिए यह शादी किसी फिल्मी दृश्य से कम नहीं थी।
इस भव्य आयोजन ने न केवल दोनों परिवारों के लिए यादगार पल बनाए, बल्कि पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय भी बन गया। अर्जुन और अंजली की यह शादी लंबे समय तक लोगों की स्मृतियों में बनी रहेगी।