Health Tips: आज के समय में मोबाइल जिंदगी का अहम हिस्सा बन चुका है। लोग अक्सर दिनभर फोन पर मैसेज, सोशल मीडिया औऱ दूसरी चीजें लगातार चेक करते रहते हैं। कई बार लोगों की आदत ऐसी हो जाती है कि लोग फोन साइलेंट होने के बाद भी बार-बार नोटिफिकेशन चेक करते रहते हैं। पहले तो ये आम आदत लगती है, लोग ध्यान नहीं देते। लेकिन धीरे-धीरे ये आदत इतनी खराब हो जाती है कि लोग पढ़ाई या अपने काम पर फोकस नहीं कर पाते और बार-बार फोन पर नोटिफिकेशन चेक करते रहते हैं, जबकि नोटिफिकेशन आता भी नहीं है। ऐसे में ये समझना बहुत जरूरी है कि आम सी लगने वाली ये आदत किस तरह जिंदगी के रोजमर्रा के कामों को प्रभावित करती है।
किसी भी काम में ध्यान लगाना होता है मुश्किल
बार-बार फोन चेक करने की आदत की वजह से लोग अक्सर किसी चीज पर ध्यान नहीं लगा पाते। फिर चाहें वो पढ़ाई हो या कोई और जरूरी काम। बार-बार फोन चेक करने से हमारा ध्यान टूट जाता है और दोबारा ध्यान लगाने में बहुत समय लगता है। इससे पूरा काम खराब हो सकता है और कई बार गलतियां भी हो सकती हैं। कभी-कभी नोटिफिकेशन चेक करने के लिए लोग फोन देखने लगते हैं और फिर सोशल मीडिया चलाने लगते हैं, जिससे काफी समय बीत जाता है। अगर आपके साथ भी इस तरह की चीजें हो रही हैं तो सबसे पहले जरूरी काम या पढ़ाई के समय फोन को अपने से दूर रखें। इससे बार-बार फोन देखने की इच्छा कम होगी।
नींद पर पड़ता है गहरा असर
कभी-कभी लोगों को किसी के मैसेज आने की इतनी चिंता हो जाती है कि वह बार-बार फोन चेक करते हैं कि कहीं वो जरूरी मैसेज तो नहीं आ गया। ऐसे में हमेशा बैचेनी महसूस होती है और आपकी नींद भी खराब हो सकती है। इस आदत का आपकी नींद पर बहुत खराब असर पड़ता है और आपकी नींद पूरी नहीं हो पाती। कई लोग सोने से पहले भी फोन चेक करते हैं या सोशल मीडिया चलाते हैं। ज्यादा फोन चलाने से नींद नहीं आती और नींद पूरी नहीं होने से लोग चिड़चिड़े हो जाते हैं या थकान महसूस करते हैं।
यह भी पढ़ें: Stroke Causes: मोबाइल-लैपटॉप के ज्यादा इस्तेमाल से बढ़ सकता है स्ट्रोक का खतरा? जानें क्या कहते हैं हेल्थ एक्सपर्ट्स
कैसे छुट सकती है बार-बार फोन चेक करने की आदत
इस खराब आदत से छुटकारा पाने के लिए सबसे पहले आपको ये ध्यान रखना होगा कि आप दिन में कितनी बार फोन चेक करते हैं और वो जरूरी है या नहीं। सबसे पहले फोन में गैर-जरूरी ऐप्स को डिलीट कर दें या उनके नोटिफिकेशन बंद कर दें ताकि आपको सिर्फ जरूरी ऐप्स के ही नोटिफिकेशन मिले। पढ़ाई या जरूरी काम के समय फोन को खुद से दूर रखें ताकि आपका ध्यान उस तरफ जाने से बचे। इसके अलावा आप एक टाइम टेबल बनाए कि आपको फोन कब-कब देखना है। फोन से दूर रहने के लिए किताबों को पढ़ना शुरू करें या घर के सदस्य और दोस्तों से बातचीत करें। शुरू में ये सभी आदतों को अपनाना बेहद मुश्किल लगेगा लेकिन अगर एक बार आपने ये आदतें अपनाली तो आपकी बार-बार फोन चेक करने की आदत छुट सकती है।