बुलंदशहर। खुर्जा नगर कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत फायर स्टेशन मोड़ पर मंगलवार को तेज रफ्तार कार ने कहर बरपा दिया। अनियंत्रित कार चालक ने सड़क किनारे खड़े कई लोगों को टक्कर मार दी, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। हादसे में एक साइकिल सवार युवक मामूली रूप से घायल हो गया, जबकि बाइक सवार युवक की हालत गंभीर बताई जा रही है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार अत्यधिक तेज गति में थी और चालक ने न तो रफ्तार पर नियंत्रण रखा और न ही सड़क किनारे मौजूद लोगों की परवाह की। गनीमत रही कि सड़क किनारे खेल रहे छोटे-छोटे बच्चे बाल-बाल बच गए, अन्यथा हादसा और भी भयावह हो सकता था।
घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को कैलाश अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है। गंभीर रूप से घायल बाइक सवार की हालत चिंताजनक बताई जा रही है।
इस पूरी घटना का सीसीटीवी वीडियो सामने आया है, जिसमें कार चालक की लापरवाही साफ तौर पर देखी जा सकती है। वीडियो में तेज रफ्तार कार लोगों को टक्कर मारते हुए आगे बढ़ती नजर आ रही है। यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसे लेकर लोगों में भारी आक्रोश है।
वहीं, पुलिस का कहना है कि अभी तक इस मामले में कोई लिखित शिकायत या तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, तहरीर मिलने पर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
घटना के बाद स्थानीय निवासियों ने नगर पालिका अधिकारियों से फायर स्टेशन मोड़ पर स्पीड ब्रेकर बनाए जाने की मांग की है। लोगों का कहना है कि इस मार्ग पर आए दिन तेज रफ्तार वाहन चलते हैं, जिससे पहले भी कई दुर्घटनाएं हो चुकी हैं। यदि समय रहते ब्रेकर और अन्य सुरक्षा उपाय नहीं किए गए, तो भविष्य में कोई बड़ा हादसा हो सकता है।
फिलहाल, क्षेत्र में दहशत और आक्रोश का माहौल है और लोग प्रशासन से जल्द से जल्द ठोस कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।