
अवैध धर्मांतरण गैंग के सरगना छांगुर उर्फ जमालुद्दीन के खिलाफ लगातार कार्रवाई जारी है. अब प्रशासन ने छांगुर के भतीजे सबरोज के अवैध ठिकाने पर भी बुलडोजर चला दिया. यह ठिकाना सरकारी जमीन पर बना था और गैडास बुजुर्ग थाना क्षेत्र के रेहरा माफी गांव में स्थित था. प्रशासन ने बताया कि सबरोज ने नवीन परती की जमीन पर अवैध मकान बना रखा था. उसे पहले चेतावनी दी गई थी कि खुद से यह निर्माण हटा ले, लेकिन उसने ऐसा नहीं किया. इसके बाद शनिवार को प्रशासन की टीम और भारी पुलिस बल की मौजूदगी में बुलडोजर चलाकर यह निर्माण ध्वस्त कर दिया गया. जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने खुद मौके का निरीक्षण किया और कहा कि अब ऐसी सभी सरकारी जमीनों पर कब्जा करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.
छांगुर के अंतरराष्ट्रीय कनेक्शन की जांच जारी
छांगुर बाबा के गिरोह की जड़ें देश के बाहर भी फैली हुई थीं. उसने दुबई, सऊदी अरब और तुर्की जैसे देशों में अपने संपर्क बनाए थे. इसलिएसंभावना जताई जा रही है कि वह कुछ संदिग्ध या प्रतिबंधित अंतरराष्ट्रीय संगठनों के संपर्क में भी रहा होगा. इस एंगल से भी जांच एजेंसियां सक्रिय हो गई हैं.
3 हजार से ज्यादा लोगों को फंसाया
अब तक की जांच में सामने आया है कि छांगुर के गैंग ने देश भर में 3,000 से ज्यादा लोगों का धर्मांतरण करवाया. वह राष्ट्रविरोधी गतिविधियों में भी शामिल था. प्रवर्तन निदेशालय (ED) उसकी और उसके साथियों की अवैध संपत्तियों की जांच कर रहा है.
लोगों को मिल रहा हौसला
प्रशासन की इस सख्त कार्रवाई के बाद छांगुर बाबा के पीड़ित लोग अब खुलकर सामने आ रहे हैं. कई जिलों से उसके खिलाफ शिकायतें मिल रही हैं. इससे उसकी गिरफ्त में और लोग भी आ सकते हैं, जो इस धर्मांतरण रैकेट में शामिल थे. सरकार की इस कार्रवाई से साफ है कि धर्म के नाम पर किसी भी प्रकार की जबरन गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा.