
जनपद के थाना बुढाना क्षेत्र के अंतर्गत बदमाशों ने रविवार को दिनदहाड़े एक प्रमुख सराफ और उसके पोते को ईख के खेत में बंधक बनाकर 7 तोला सोना और ढाई किलो चांदी के आभूषण एवं 4000 रुपए और मोबाइल लूट लिया। लूटपाट के बाद बदमाश फरार हो गए। सरेआम हुई लूट की वारदात से पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है। पुलिस अधीक्षक अपराध इंदू सिद्धार्थ समेत पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल पर पहुंचकर लुटेरों की धरपकड़ को विशेष टीम गठित की है।
पुलिस पुलिस को दी गई सूचना के अनुसार बुढ़ाना कस्बा निवासी सर्राफ नेमचंद वर्मा की फुगाना क्षेत्र के गांव हवीबपुर में सर्राफ की दुकान है। प्रतिदिन की तरह नेमचंद अपने पोते शिवम वर्मा के साथ अपने बुढ़ाना स्थित घर से मोटर साईकिल पर सवार होकर दुकान पर जाने के लिए निकले थे। बुढ़ाना कस्बा पार कर जब वह मंदवाड़ा रोड पर पहुंचे तो वहां पर स्थित वीर एंकलेव कॉलोनी के पास ईख के खेतों से निकले तीन बदमाशों ने तमंचे से गोली मारने की धमकी देकर उनकी बाइक रूकवा ली। बदमाश दादा-पोते को जबरन आतंकित करते हुए ईख के खेत में ले गए, जहां बदमाशों ने उनसे करीब ढाई किलो चांदी, 70 ग्राम सोना, मोबाइल और चार हजार रुपये की नगदी लूट ली। शिवम ने विरोध करने का प्रयास किया तो एक बदमाश ने उस पर चाकू से प्रहार करने का प्रयास किया, जिससे उसका हाथ जख्मी हो गया। नकदी जेवरात लूटने के बाद बदमाश फरार हो गए।
इस घटना की सूचना मिलते ही बुढ़ाना के पुलिस क्षेत्राधिकारी गजेंद्र पाल सिंह और इंस्पेक्टर बुढ़ाना सुभाष अत्री तत्काल पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उधर मुख्यालय से एसपी क्राइम इंदू सिद्धार्थ और फोरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस में शिवम वर्मा की ओर से अज्ञात तीन बदमाशों के खिलाफ लूट का अभियोग पंजीकृत कराया गया है।