Netherlands AI Job Cuts: आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के चलते भारत समेत दुनियाभर में प्राइवेट सेक्टर में काम करने वालों की नौकरी जा चुकी है, लेकिन ऐसा पहली बार हुआ है कि एआई की वजह से सरकारी नौकरियां खत्म होंगी। नीदरलैंड सरकार ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के बढ़ते इस्तेमाल को लेकर एक बहुत बड़ा फैसला किया है। देश में सरकारी कामकाज को बेहतर और असरदार बनाने के लिए सरकार आने वाले दिनों में 25,000 सरकारी नौकरियां खत्म करने की योजना बना रही है।
भारी-भरकम बचत
नीदरलैंड सरकार, सरकारी नौकरी में कटौती करके हर साल लगभग 5 अरब अमेरिकी डॉलर (करीब 47,595 करोड़ रुपये) की भारी-भरकम बचत करना चाहती है।
चरणबद्ध तरीके से फैसला
जानकारी के मुताबिक सरकार एक साथ 25 हजार नौकिरयों को खत्म नहीं करेगी, बल्कि कई स्टेज में धीरे-धीरे करके नौकरियां खत्म करेगी। रिपोर्ट में बताया है कि सरकार ने 26 अक्टूबर को इस संबंध में जानकारी दी है। साल 2027 की शुरुआत में सरकार इस पूरी योजना का विस्तृत खाका पेश करेगी।
कर्मचारियों की संख्या में रिकॉर्ड बढ़ोतरी
साल 2025 के अंत तक नीदरलैंड में सरकारी कर्मचारियों की संख्या बढ़कर 1.60 लाख तक पहुंच गई थी, जो साल 2018 के मुकाबले करीब 41 प्रतिशत ज्यादा है। इसी बढ़ते आंकड़े को नियंत्रित करने के लिए यह कदम उठाया जा रहा है।
यह भी पढ़ें: खरीदते ही टूटने लगी 3 लाख के iPhone Duo की स्क्रीन? लॉन्च के बाद उठे बड़े सवाल; जानें रिपेयरिंग का खर्चा
किन विभागों पर पड़ेगा असर
नीदरलैंड सरकार की प्रस्तावित छंटनी का असर सभी विभागों पर एक जैसा नहीं पड़ेगा। रिपोर्ट में बताया है कि पुलिस और सेना विभाग को इस कटौती से पूरी तरह बाहर रखा गया है। सबसे ज्यादा असर विभिन्न मंत्रालयों, मॉनिटरिंग एजेंसियों और सरकारी योजनाओं को लागू करने वाले विभागों पर पड़ेगा, जहां अब इंसानों की जगह AI तकनीक का उपयोग कर काम निपटाया जाएगा।