Tata Tiago EV Facelift: भारत में इलेक्ट्रिक सेगमेंट में टाटा मोटर्स की ओर से कई कारों की बिक्री की जाती है। कंपनी इसी हफ्ते अपनी लोकप्रिय हैचबैक कार 'टाटा टियागो' के फेसलिफ्ट वर्जन को आधिकारिक तौर पर लॉन्च करने जा रही है। कंपनी की ओर से इसका नया टीजर सोशल मीडिया पर जारी किया गया है। जिससे इसके नए फीचर्स और इंटीरियर की अहम जानकारियां सामने आई हैं।
इस दिन होगी लॉन्च
आपको बता दें कि टाटा मोटर्स की ओर से टाटा टियागो को 28 मई को लॉन्च किया जाएगा। कंपनी टियागो के ICE और EV दोनों वर्जन को लॉन्च करेगी। लॉन्च से ठीक पहले टाटा ने सोशल मीडिया पर इस कार का नया टीजर जारी किया है। तो आइए जानते हैं नई टाटा टियागो में क्या-क्या फीचर्स दिए गए हैं।
मिलेंगे ये फीचर्स
निर्माता की ओर से टियागो ईवी में डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर, डिजिटल एसी पैनल, रियर एसी वेंट्स, स्टीयरिंग माउंटेड कंट्रोल्स, पुश स्टार्ट/स्टॉप बटन और पावर विंडो जैसे आधुनिक फीचर्स मिलेंगे। साथ ही कार के अंदर ग्रे और ब्लैक रंग का नया इंटीरियर थीम दिया गया है। कार में पहले से बड़ा और बेहतर इंफोटेनमेंट सिस्टम मिलेगा, जो एप्पल कारप्ले और एंड्रॉइड ऑटो को सपोर्ट करेगा। ड्राइविंग और पार्किंग को आसान बनाने के लिए पहली बार इस सेगमेंट में 360-डिग्री कैमरा दिया जा रहा है।
यह भी पढ़ें: Traffic Challan Online: आपकी गाड़ी पर कितने चालान कटे हैं? घर बैठे मोबाइल पर 2 मिनट में ऐसे करें चेक
बाहर से भी होगी अपडेट
फेसलिफ्ट वर्जन होने के कारण कार के बाहरी डिजाइन को भी अपडेट किया गया है। इसमें नई हेडलाइट्स और एलईडी डीआरएल (LED DRLs), नया फ्रंट बंपर, कनेक्टेड टेल लाइट्स, रियर वाइपर और स्पॉइलर दिया जाएगा। इसके अलावा कंपनी इस गाड़ी को कुछ नए आकर्षक कलर ऑप्शन्स के साथ भी बाजार में उतार सकती है।
कितनी होगी कीमत
वहीं इसके कीमत की बात करें, तो अभी इसके कीमत की जानकारी नहीं दी गई है। लेकिन उम्मीद है कि इसकी कीमत में मामूली बढ़ोतरी की जा सकती है। कीमत का असली खुलासा तो लॉन्च के बाद ही पता चलेगा। भारतीय बाजार में लॉन्च होने के बाद इसका सीधा मुकाबला MG Comet EV और MG Windsor EV जैसी गाड़ियों से होगा।