मेरठ। थप्पड़ प्रकरण में पूर्व एसएसपी के निलंबन और मुकदमे की मांग को लेकर भूख हड़ताल पर बैठे रवि गौतम को पुलिस ने रात के अंधेरे में धरने से जबरन उठा दिया। हालांकि पुलिस का कहना है कि मेडिकल जांच के दौरान रवि के स्वास्थ्य में गिरावट पाई जाने पर उन्हें इलाज के लिए हायर सेंटर भेजा गया है, जबकि समर्थकों का आरोप है कि पुलिस ने जबरन भूख हड़ताल से उठाया है।
यह था मामला
छात्रा ललित गौतम की हत्या में निष्पक्ष जांच की मांग को लेकर दलित समाज ने आठ अगस्त को कलेक्ट्रेट के गेट पर प्रदर्शन किया था। इस दौरान पूर्व एसएसपी अविनाश पांडेय ने लाठीचार्ज करा प्रदर्शनकारियों को खदेड़ दिया था और प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे रवि गौतम को गिरफ्तार कर पुलिस कस्टडी के दौरान पुलिस वैन में जमकर थप्पड़ मारे थे। इसका वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। जेल से रिहा होने के बाद से रवि गौतम पूर्व एसएसपी अविनाश पांडेय पर मुकदमा दर्ज कराने आदि मांग को लेकर 20 अगस्त से चौधरी चरण सिंह पार्क में अनिश्चितकालीन धरना देकर बैठे हुए थे। रविवार को उनके आह्वान पर चौधरी चरण सिंह पार्क में बहुजन महापंचायत का आयोजन किया गया था। पांच घंटे तक चली पंचायत में रवि गौतम के अलावा बाहर से आए दलित नेताओं ने पूर्व एसएसपी अविनाश पांडेय और एसपी देहात अभिजीत कुमार को बर्खास्त करने, लाठीचार्ज में शामिल पुलिसकर्मियों के खिलाफ एससी-एसटी एक्ट में मुकदमा दर्ज करने, आठ जुलाई के प्रदर्शन के बाद दर्ज मुकदमे वापस लेने और दोनों अधिकारियों की संपत्ति की जांच कराने की मांग की। मांग पूरी नहीं होने पर रवि गौतम ने 3 सितंबर यानि गुरुवार से भूख हड़ताल की घोषणा की थी।
भूख हड़ताल शुरू होते ही पुलिस आई एक्शन मोड में
गुरुवार को रवि गौतम की भूख हड़ताल शुरू होते ही पुलिस एक्शन मोड़ में आई गई। दिन में पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने मौके पर जाकर रवि से भूख हड़ताल समाप्त करने के लिए कहा था, लेकिन रवि गौतम अपनी मांगों पर अड़े थे। समर्थकों का आरोप है कि रवि गौतम को चौधरी चरण सिंह पार्क से हटाने के लिए पहले पुलिस ने पार्क की लाइट बंद कराई। इसके बाद वह जनरेटर लेकर आए तो पुलिस ने चलने नहीं दिया। रात तीन बजे भारी संख्या में पुलिस फोर्स चौधरी चरण सिंह पार्क पहुंची और जबरन रवि गौतम को वहां से हटा दिया। हालांकि इस दौरान उनके समर्थकों ने पुलिस कार्रवाई का विरोध भी किया, लेकिन उनकी एक नहीं चली। पुलिस ने कड़ी सुरक्षा व्यवस्था में रवि गौतम को गाजियाबाद के लिए रवाना कर दिया। इसके बाद पुलिस ने रातों रात पार्क से टेंट हटा दिया और वहां पुलिस मुस्तैद कर दी, ताकि फिर से पार्क में धरना देने के लिए रवि गौतम के समर्थक न आ सके। शुक्रवार को पूरे दिन पार्क के आसपास पुलिस फोर्स देखने को मिली।
मेडिकल जांच में स्वास्थ्य खराब होने के कारण हटाया
सीओ सिविल लाइंस विश्व ज्योति राव ने बताया, भूख हड़ताल पर बैठे रवि गौतम की गुरुवार देर शाम डाक्टरों की टीम से स्वास्थ्य की जांच कराई गई थी। जांच में डाक्टरों ने उनके स्वास्थ्य में गिरावट पाई और बेहतर इलाज की आवश्यकता बताई है। डाक्टरों की जांच रिपोर्ट के आधार पर एसओपी का नियमानुसार पालन किया गया है और रवि गौतम को इलाज के लिए हायर सेंटर भेजा गया है।