हापुड़ देहात थाना क्षेत्र के जरौठी रोड स्थित एक प्लाईवुड फैक्ट्री में शुक्रवार शाम एक मजदूर की मौत हो गई थी। शनिवार सुबह मृतक के परिजन और ग्रामीण डीएम आवास पर पहुंचे और मामले की जांच कराने की मांग की गई थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से पता चला कि मृतक की बीमारी के चलते मौत हुई है। वहीं नम आंखों के बीच उसका अंतिम संस्कार हुआ।
बाबूगढ़ थाना क्षेत्र के गांव उपैड़ा निवासी राजेंद्र कश्यप पिछले काफी समय से देहात थाना क्षेत्र के जरौठी रोड स्थित एक प्लाईवुड फैक्ट्री में कार्य कर रहे थे। राजेंद्र अधिकतर फैक्ट्री में ही रहते थे और सप्ताह में कभी-कभी घर जाते थे। शुक्रवार की शाम फैक्टरी में राजेंद्र कश्यप की संदिग्ध हालत में मौत हो गई। राजेंद्र की मौत की सूचना पर देहात थाना पुलिस भी फैक्ट्री पर पहुंची और मामले की जांच में जुट गई। राजेंद्र की मौत की सूचना मिलने से परिजन में कोहराम मच गया था और परिजन और ग्रामीण आनन फानन में मौके पर पहुंच गए थे। शनिवार सुबह को राजेंद्र के परिजन डीएम आवास पर ग्रामीणों के साथ पहुंचे और वहां मामले की जांच कराने की मांग की।
सूचना मिलने पर देहात थाना प्रभारी पटनीश कुमार मौके पर पहुंचे और परिजन को बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर मौत का कारण स्पष्ट हो सकेगा, उसके अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। इस आश्वासन पर ग्रामीण वापस लौट गए थे। थाना प्रभारी निरीक्षक पटनीश कुमार ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट से पता चला है कि मृतक की बीमारी से मौत हुई है। अभी इस संबंध में कोई शिकायत नहीं आई है। शिकायत आने पर जांच कर कार्रवाई की जाएगी।