
Monsoon Health Tips: बारिश का मौसम जितना ही खुशनुमा लगता है, उतनी ही परेशानियां भी लेकर आता है। जी हां बारिश के मौसम में स्वास्थ्य संबंधी कई समस्याओं का सामना करना पड़ता है, क्योंकि यह मौसम अपने साथ कई बीमारियां लेकर आता है। इस मौसम में स्वास्थ्य का खास ध्यान रखना चाहिए, क्योंकि इस मौसम में इम्यूनिटी कमजोर हो जाती है। आइए जानते हैं बारिश के मौसम में कौन सी बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है और इससे कैसे बचाव किया जा सकता है।
कौन सी बीमारी का बढ़ता है खतरा
आपको बता दें कि बारिश के मौसम में सबसे डेंगू, चिकनगुनिया, टाइफॉइड, पीलिया और मलेरिया जैसी बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है। इस मौसम में मच्छरों का खतरा बढ़ जाता है, जिसकी वजह से डेंगू, चिकनगुनिया और मलेरिया जैसी बीमारी होती है, वहीं इस मौसम में बाहर का खाना खाने से पीलिया का खतरा बढ़ जाता है। वहीं, अगर आपकी इम्यूनिटी कमजोर है, तो बरसाती मौसम में आपको वायरल बुखार भी हो सकता है। साथ ही मॉनसून में फंगल संक्रमण का खतरा भी काफी हद तक बढ़ जाता है।
कैसे करें बचाव
डेंगू, चिकनगुनिया और मलेरिया जैसी मच्छरों से होने वाली बीमारियों के लिए फुल स्लीव्ज के कपड़े पहनने चाहिए, मच्छरदानी का इस्तेमाल करना चाहिए। मच्छर भगाने वाली क्रीम लगाना चाहिए और घर और आसपास कहीं भी पानी जमा नहीं होने देना चाहिए। वहीं इस मौसम में बाहर का खाना खाने से बचना चाहिए, क्योंकि दूषित पानी और खाना टाइफॉइड और पीलिया का कारण बन सकता है। साथ ही इस मौसम में आपको इम्यूनिटी बढ़ाने वाले खाद्य पदार्थों का सेवन करना चाहिए।
इम्यूनिटी बढ़ाने वाले फूड्स
- संतरा, कीवी जैसे खट्टे फलों का सेवन करें।
- आंवला का सेवन करें।
- बादाम, अखरोट जैसे ड्राई फ्रूट्स खाएं।
- अदरक और लहसुन का सेवन करें।
- नींबू पानी और नारियल पानी पिएं।