Noida News: गौतमबुद्ध नगर जिले में परिवहन विभाग ने स्कूली बच्चों की सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करने के लिए बड़ा अभियान शुरू कर दिया है। ‘मिशन सेव फ्यूचर’ के तहत 1 जुलाई से 15 जुलाई 2026 तक जनपद में स्कूल बसों और वैनों की सघन जांच की जा रही है।
स्कूली वाहनों की व्यापक छानबीन की
एआरटीओ (प्रवर्तन) डॉ. उदित नारायण पांडेय के नेतृत्व में विभाग की टीमों ने बुधवार को प्रमुख सड़कों और स्कूलों के आसपास स्कूली वाहनों की व्यापक छानबीन की। जांच में फिटनेस प्रमाणपत्र, परमिट, पंजीकरण, स्पीड गवर्नर, अग्निशमन यंत्र और फर्स्ट-एड बॉक्स की उपलब्धता को खास तौर पर देखा गया। साथ ही ड्राइवरों के लाइसेंस और उनकी ड्राइविंग क्षमता की भी जांच की गई।जिन वाहनों में नियमों का उल्लंघन पाया गया, उनके खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम के तहत चालान काटा गया और वाहनों को सीज कर लिया गया।
बच्चों की सुरक्षा हमारी सबसे बड़ी प्राथमिकता
डॉ. उदित नारायण पांडेय ने कहा, “बच्चों की सुरक्षा हमारी सबसे बड़ी प्राथमिकता है। इसके साथ कोई समझौता नहीं होगा। ‘मिशन सेव फ्यूचर’ का मकसद सिर्फ सजा देना नहीं, बल्कि हर स्कूल वाहन को पूरी तरह सुरक्षित और नियमों के अनुसार चलाना है।” उन्होंने स्कूल प्रबंधन और वाहन मालिकों से अपील की कि वे परिवहन नियमों का सख्ती से पालन करें, वरना आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी।
नियम तोड़ने वालों पर सख्त कार्रवाई
परिवहन विभाग ने अभिभावकों से भी अनुरोध किया है कि बच्चों को स्कूल भेजने से पहले वाहन की फिटनेस, परमिट और सुरक्षा उपकरणों की जानकारी जरूर ले लें, ताकि बच्चे सुरक्षित पहुंच सकें।यह अभियान पूरे जिले में जारी रहेगा और नियम तोड़ने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।