Uttarakhand Tablet Scheme: उत्तराखंड सरकार ने राज्य के सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले 10वीं और 12वीं कक्षा के विद्यार्थियों के लिए एक बड़ा फैसला लिया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने ऐलान किया है कि इन छात्रों को टैबलेट खरीदने के लिए सरकार सीधे उनके बैंक खाते में पैसे भेजेगी। यह घोषणा मुख्यमंत्री ने युवा विद्यार्थी मंथन कार्यक्रम के दौरान की। इस योजना का मुख्य उद्देश्य छात्रों को डिजिटल पढ़ाई से जोड़ना और उन्हें नई तकनीक का फायदा पहुंचाना है।
खाते में आएंगे पैसे
आपको बता दें कि सरकार की घोषणा के अनुसार उत्तराखंड के राजकीय विद्यालय में पढ़ने वाले कक्षा 10वीं और 12वीं के विद्यार्थियों को टैबलेट खरीदने के लिए डीबीटी के माध्यम से धनराशि उपलब्ध कराई जाएगी। सरकार छात्रों को खुद टैबलेट देने की बजाय उनके बैंक अकाउंट में सीधे धनराशि ट्रांसफर करेगी, जिससे छात्र अपनी पसंद का टैबलेट खरीद सकेंगे।
रजिस्ट्रेशन की जानकारी जल्द
हालांकि टैबलेट के लिए आवेदन या रजिस्ट्रेशन कैसे होगा, इसको लेकर सरकार जल्द ही आधिकारिक नोटिफिकेशन जारी करेगी।
छात्रों ने दिए 2.67 लाख से ज्यादा सुझाव
मुख्यमंत्री युवा मंथन अभियान के तहत प्रदेश भर से 2.67 लाख से अधिक छात्रों ने अपनी विचार और सुझाव भेजे थे। इनमें से चुने गए 140 विद्यार्थियों से मुख्यमंत्री ने सीधे संवाद किया और कहा कि युवाओं के बेहतरीन सुझावों को राज्य की नीतियों में शामिल किया जाएगा।
यह भी पढ़ें: Railway ALP Recruitment 2026: रेलवे में असिस्टेंट लोको पायलट के 1400 से ज्यादा पदों पर निकली भर्ती, ऐसे करें आवेदन
2 लाख रुपये तक की स्कॉलरशिप
कार्यक्रम के दौरान अच्छे सुझाव देने वाले विद्यार्थियों के लिए स्कॉलरशिप का भी प्रावधान बताया गया है। ऐसे छात्रों को 12वीं के बाद करियर की शुरुआत, तैयारी और कोचिंग के लिए 2 लाख रुपये तक की छात्रवृत्ति दी जाएगी।मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों के विचारों की सराहना करते हुए कहा कि युवाओं की सोच और नए विचार उत्तराखंड के भविष्य के निर्माण में बड़ी भूमिका निभा सकते हैं।