लखनऊ। गोरखपुर के झंगहा क्षेत्र में एक दर्दनाक हादसा उस समय हो गया जब शादी की खुशी देखते ही देखते मातम में बदल गई। रविवार देर रात गुजर रही बारात का रथ अचानक 11,000 वोल्ट की हाईटेंशन लाइन के संपर्क में आ गया, जिससे रथ पर सवार लोगों को तेज करंट लगा। हादसे में देवरिया जिले के रुद्रपुर कोतवाली क्षेत्र निवासी सचिन की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार लोग गंभीर रूप से झुलस गए। गनीमत रही कि दूल्हे ने समय रहते रथ से कूदकर अपनी जान बचा ली, वरना स्थिति और भी भयावह हो सकती थी।
घटना के बारे में ग्रामीण कमलेश ने बताया कि चौरीचौरा क्षेत्र के भाऊपुर गांव निवासी राममिलन निषाद के बेटे की बारात हराया गांव निवासी कमलेश निषाद के घर आई थी। बारात जैसे ही कुछ दूरी आगे बढ़ी, दूल्हे के रथ पर लगी सजावटी लाइट ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाइन से छू गई। अचानक तेज धमाका हुआ और कई लोग करंट की चपेट में आ गए। घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और बारातियों में भगदड़ जैसे हालात बन गए।
घायलों को तुरंत स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। हादसे की खबर मिलते ही दोनों पक्षों में कोहराम मच गया। जहां कुछ देर पहले तक घर-आंगन में शहनाइयों की गूंज थी, वहीं हादसे के बाद माहौल गमगीन हो गया। अस्पताल में घायल लोगों के परिजन भी बड़ी संख्या में पहुंचे।
एसओ झंगहा जे.एन. सिंह ने बताया कि हराया गांव में हुए इस हादसे में एक व्यक्ति की मौत और चार के घायल होने की पुष्टि हुई है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और आगे की कार्रवाई जांच रिपोर्ट के आधार पर की जाएगी। प्रशासन ने भी आसपास के क्षेत्रों में बिजली की लाइनों की ऊंचाई और सुरक्षा मानकों की समीक्षा करने के निर्देश दिए हैं, ताकि भविष्य में ऐसी घटना दोबारा न हो।