.jpg%3Falt%3Dmedia%26token%3Dddb482ce-aa42-4672-b609-4328d36bbab2&w=3840&q=75)
Most Expensive Coffie : कॉफी का नाम सुनते ही बहुत से लोगों की सुबह ताज़गी से भर जाती है. लेकिन क्या आप जानते हैं कि दुनिया की सबसे महंगी कॉफी बिल्ली की पॉटी से बनती है? जी हां, यह अजीब सा लग सकता है लेकिन यह पूरी तरह सच है। इस खास कॉफी का नाम है कोपी लुवाक (Kopi Luwak), जो स्वाद, प्रक्रिया और कीमत – तीनों के मामले में दुनिया की सबसे अनोखी और महंगी कॉफी मानी जाती है.
कहाँ पाई जाती है कोपी लुवाक?
कोपी लुवाक का मूल स्थान इंडोनेशिया है, खासकर सुमात्रा, जावा और बाली जैसे द्वीपों में इसका उत्पादन होता है. इसके अलावा फिलीपींस और वियतनाम जैसे कुछ एशियाई देशों में भी इसे बनाया जाता है, लेकिन इंडोनेशिया ही इसका सबसे प्रमुख केंद्र है.
कैसे बनती है ये अनोखी कॉफी?
कोपी लुवाक कॉफी की खासियत है कि इसे बनाया जाता है सिवेट कैट (Civet Cat) की मदद से, जिसे हिंदी में एक तरह की जंगली बिल्ली कहा जा सकता है. ये बिल्लियाँ कॉफी के सबसे अच्छे और पके हुए बीन्स को खाती हैं. लेकिन उनका पाचन तंत्र बीन्स को पूरी तरह नहीं पचाता। जब ये बीन्स उनके मल (पॉटी) के साथ बाहर निकलते हैं, तो उन्हें इकट्ठा करके धोया जाता है, सुखाया जाता है, और फिर रोस्ट करके कॉफी में बदला जाता है. इस प्रक्रिया में कॉफी बीन्स का स्वाद कुछ अलग ही हो जाता है – कम कड़वा, अधिक स्मूद और बेहद महकदार. यही कारण है कि कोपी लुवाक की मांग खासतौर पर उन लोगों में होती है जो कॉफी के शौकीन और टेस्ट को लेकर बेहद गंभीर होते हैं.
कितनी है इसकी कीमत?
कोपी लुवाक की कीमत सुनकर आप चौंक सकते हैं। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इसकी कीमत 20,000 से 50,000 रुपये प्रति किलो तक हो सकती है. कुछ खास ब्रांड्स इसे और भी महंगे दामों पर बेचते हैं. एक कप कोपी लुवाक कॉफी के लिए आपको करीब 2,000 से 5,000 रुपये तक खर्च करने पड़ सकते हैं.
विवाद और आलोचना
हालांकि, इस कॉफी को लेकर कई विवाद भी हैं। बहुत से पशु अधिकार संगठन इस प्रक्रिया की आलोचना करते हैं क्योंकि अब कई जगहों पर इन बिल्लियों को पिंजरों में बंद करके जबरन कॉफी बीन्स खिलाए जाते हैं, जिससे उनकी सेहत और स्वाभाविक जीवन पर असर पड़ता है.
कोपी लुवाक सिर्फ एक कॉफी नहीं, बल्कि एक अनुभव है – स्वाद का, प्रक्रिया का और कीमत का। लेकिन इसके साथ ही यह सवाल भी उठाता है कि स्वाद के इस सफर में हमें जानवरों की भलाई का कितना ध्यान रखना चाहिए. तो अगली बार जब आप कोई खास और महंगी कॉफी पीने जाएं, तो हो सकता है वो एक बिल्ली की पॉटी से निकली अनमोल सौगात हो!