एक व्यक्ति ने अपनी मां व बेटे को जहरीला पदार्थ पिलाकर खुद भी पी लिया। हालत बिगड़ती देख आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने तत्काल तीनों लोगों को उपचार के लिए एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। जहां उपचार के दौरान व्यक्ति की मौत हो गई। उसकी मां व बेटे की हालत गंभीर बताई जा रही है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और जांच शुरु कर दी है।
आर्थिक परेशानियों के कारण बीमार
कंकरखेड़ा थाना क्षेत्र के अशोकपुरी कॉलोनी निवासी प्रवीण पिछले काफी समय से मानसिक तानव में चल रहे थे। परिजनों ने बताया 13 साल पहले उसकी पत्नी उसे छोड़कर मायके चली गई थी। इसके बाद उसके पिता और बड़े भाई का निधन हो गया। पारिवारिक और आर्थिक परेशानियों के कारण वह बीमार रहने लगा था।
पुलिस ने तीनों को अस्पताल पहुंचाया
सोमवार को प्रवीण अपनी मां और बेटे को कंकरखेड़ा रेलवे स्टेशन के पास यह कहकर ले गया कि वे ससुराल जा रहे हैं। वहां उसने कोल्डड्रिंक में जहरीला पदार्थ मिलाकर दोनों को पिला दिया और फिर खुद भी उसका सेवन कर लिया। कुछ देर बाद तीनों की तबीयत बिगड़ने लगी। जिसकी सूचना आसपास के लोगों ने पुलिस को दी। पुलिस ने तीनों को अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में इलाज के दौरान प्रवीण की मौत हो गई।
मां कमलेश की हालत में सुधार
डॉक्टरों के अनुसार, 10 वर्षीय कृष्णा की हालत अभी भी बेहद गंभीर बनी हुई है और उसका इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है। प्रवीण की मां कमलेश की हालत में सुधार है और उन्हें खतरे से बाहर बताया गया है। पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस के अनुसार, शुरुआती जांच में मानसिक तनाव और पारिवारिक समस्याओं को घटना का मुख्य कारण माना जा रहा है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है।