मुजफ्फरनगर। जनपद के थाना चरथावल की पुलिस टीम ने दस दिन पूर्व बिरालसी गांव के सूखे रजवाहे में मिले अज्ञात शव की गुत्थी को सुलझाते हुए मृतक की हत्या के अभियोग का खुलासा करते हुए मृतक के छोटे भाई को ही हत्या के आरोप में गिरफ्तार कर लिया है। उसके कब्जे एवं निशांदेही से आला कत्ल ईट का टुकड़ा व 01 स्पलैण्डर मोटरसाइकिल बरामद की है। पुलिस के अनुसार चरथावल थाना क्षेत्र के गांव बिरालसी के सूखे रजवाए में 29 अप्रैल को एक अज्ञात युवक का शव पड़ा होने की सूचना पुलिस को मिली थी।
जांच में मृतक के हाथ पर “दीपक” नाम गुदा हुआ पाया गया था और चेहरे पर चोट के निशान थे। चरथावल थाना पुलिस द्वारा शव को कब्जे में लेकर उसकी पहचान कराने हेतु अथक प्रयास किये गये। पुलिस टीम द्वारा किये गये अथक प्रयास एवं जांच-पड़ताल के उपरांत मृतक की शिनाख्त दीपक पुत्र रामपाल निवासी ग्राम रूकनपुर थाना कोतवाली नगर, मुजफ्फरनगर के रूप में हुई। मृतक के परिजनों से प्राप्त तहरीर के आधार पर थाना चरथावल पर सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत किया गया। घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में हत्याकाण्ड के सफल अनावरण हेतु थाना चरथावल पर पुलिस टीमों का गठन किया गया।
गठित टीम द्वारा घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों का गहनता से अवलोकन किया गया तथा तकनीकी एवं मैनुअल साक्ष्यों को संकलित करते हुए जांच आगे बढ़ाई गयी। जांच के दौरान प्रकाश में आया कि मृतक दीपक अपने छोटे भाई सचिन के साथ ग्राम पिन्ना, दधेडू से चरथावल होते हुए ग्राम बिरालसी आया था। पुलिस विवेचना में यह तथ्य सामने आया कि सचिन ने अपने बड़े भाई दीपक के अत्यधिक नशे में होने का फायदा उठाया और उसे बिरालसी से रजवाहे के पास खेतों की ओर ले गया, जहां उसने ईंट के टुकड़े से उसके चेहरे पर वार कर निर्मम हत्या कर दी तथा मौके से फरार हो गया।
चरथावल पुलिस ने शनिवार 09 मई को हत्या के अभियोग में प्रकाश में आये अभियुक्त सचिन को घिस्सूखेड़ा झाल पुल के पास से गिरफ्तार किया गया। अभियुक्त के कब्जे व निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त आलाकत्ल ईंट का टुकड़ा तथा मोटरसाइकिल बरामद की गयी। पूछताछ के दौरान गिरफ्तार अभियुक्त सचिन? ने बताया कि उसका बड़ा भाई आये दिन शराब के नशे में उसकी पत्नी को परेशान करता था तथा पैतृक सम्पत्ति को बेचने का दबाव बना रहा था। इन बातों से परेशान होकर अभियुक्त ने अपने बड़े भाई की हत्या कर दी। पुलिस ने इस मामले में आरोपी को जेल भेज दिया है।