अगर आप शादी की तारीख टालते जा रहे हैं तो अब सतर्क हो जाइए। हिन्दू पंचांग के अनुसार 8 जून के बाद पूरे सवा चार महीने यानी करीब 150 दिनों तक विवाह के शुभ मुहूर्त नहीं मिलेंगे। 12 जून से गुरु ग्रह के अस्त होने और 6 जुलाई से चातुर्मास शुरू होने के कारण यह लंबा ब्रेक लगने वाला है। ऐसे में जो लोग विवाह की योजना बना रहे हैं, उन्हें जल्द से जल्द अपनी शादी की तारीख तय कर लेनी चाहिए।
इस साल विवाह मुहूर्त 14 अप्रैल से शुरू हुए थे और अब 8 जून को आखिरी मुहूर्त होगा। इसके बाद अगला अवसर 15 नवंबर के बाद ही मिलेगा। मई और जून में कुल 12 शुभ मुहूर्त बचे हैं, जिन पर होटल, मैरिज गार्डन और टेंट हाउस में एडवांस बुकिंग की होड़ मची है।
गुरु ग्रह के अस्त और चातुर्मास से रुकेंगे विवाह कार्य
हिंदू ज्योतिष के अनुसार, विवाह के लिए गुरु और शुक्र ग्रह की स्थिति का विशेष महत्व होता है। 12 जून को गुरु ग्रह अस्त हो जाएंगे और 9 जुलाई तक अस्त ही रहेंगे। इसके बाद 6 जुलाई को देवशयनी एकादशी के साथ चातुर्मास आरंभ होगा, जिसमें शुभ कार्य जैसे विवाह नहीं होते। इस कारण 8 जून के बाद कोई भी विवाह समारोह नहीं होंगे।
मई-जून में बचे सिर्फ 12 मुहूर्त, भारी बुकिंग का दौर
पंडित के अनुसार, मई में 18, 20, 22, 23, 24, 27 और 28 तारीख को विवाह योग्य मुहूर्त हैं। वहीं जून में 1, 2, 4, 5, 7 और 8 तारीख को ही विवाह के लिए शुभ दिन हैं। इन 12 दिनों में शादियों की धूम मचने वाली है। शहर के मैरिज गार्डन, होटलों, टेंट हाउस और बैंड पार्टी वालों के पास एडवांस बुकिंग की भरमार हो चुकी है।
शादी की तैयारियों में सर्राफा बाजार से लेकर टेंट व्यापारियों तक हलचल
शहर में शादी की खरीदारी भी जोरों पर है। सर्राफा बाजार में आभूषणों की खरीदारी बढ़ गई है। वहीं टेंट, कैटरिंग और बैंड बाजा कारोबारियों का कहना है कि इस सीजन के मुहूर्त गिने-चुने हैं, इसलिए लोगों ने समय रहते बुकिंग कर ली है।