Best Shopping Markets In Delhi: त्योहारों का सीजन शुरू होते ही बाजारों में खरीदारों की भारी भीड़ और रौनक देखने को मिलने लगती है। घर की सजावट, नए कपड़े, ज्वेलरी और गिफ्ट खरीदने के लिए दिल्ली के बाजारों में खूब रौनक रहती है। अगर आप भी इस फेस्टिव सीजन कम बजट में बेहतरीन और किफायती खरीदारी करना चाहते हैं, तो दिल्ली के ये 5 मशहूर बाजार आपके लिए बेस्ट ऑप्शन साबित हो सकते हैं। यहां पारंपरिक कपड़ों से लेकर ट्रेंडी फैशन, होम डेकोर और गिफ्ट आइटम तक सभी चीजें कम दामों पर मिलते हैं।
चांदनी चौक मार्केट
पुरानी दिल्ली का चांदनी चौक फेस्टिव शॉपिंग के लिए सबसे मशहूर है। यहां आपको शादी-पार्टी और पारंपरिक कपड़ों की शानदार वैरायटी मिलती है। इसके अलावा खास किनारी बाजार से आप कपड़ों के लिए खूबसूरत लेस और घर सजाने का सामान भी खरीद सकते हैं।
सदर बाजार
अगर आपको दिवाली पर घर की सजावट और अपनों को देने के लिए गिफ्ट्स खरीदने हैं, तो आपके लिए सदर बाजार बेस्ट ऑप्शन है। यहां थोक और कम दामों पर दीये, मोमबत्तियां, फैंसी लाइट्स, गिफ्ट पैकिंग और कई तरह के घरेलू सामान मिल जाते हैं। हालांकि खरीदारी करते समय अलग-अलग दुकानों पर कीमतों की तुलना जरूर कर लें।
लाजपत नगर सेंट्रल मार्केट
त्योहारों पर खूबसूरत एथनिक लुक अपनाने के लिए लाजपत नगर मार्केट एक बेहतरीन जगह है। इस मार्केट में आपको ट्रेंडी कुर्तियां, सूट, मैचिंग टुपट्टे, आर्टिफिशियल ज्वैलरी, बैग और होम डेकोर का सामान आसानी से मिल जाता है।
सरोजिनी नगर मार्केट
अगर आप ट्रेंडी कपड़े और फैशन एक्सेसरीज खरीदना चाहते हैं वो भी कम दामों में, तो आपके लिए सरोजिनी नगर मार्केट बेहतरीन ऑप्शन हो सकता है। इस मार्केट में आपको टॉप, वेस्टर्न ड्रेस, जींस, स्टाइलिश बैग और फुटवियर के कई विकल्प मिल सकते हैं। बता दें, इस मार्केट में आपको बार्गेनिंग करने का फायदा भी मिलता है।
दिल्ली हाट, आईएनए
अगर आप कुछ यूनिक और पारंपरिक खरीदना चाहते हैं, तो आप दिल्ली हाट जा सकते हैं। यहां देश के विभिन्न राज्यों के बेहतरीन हस्तशिल्प हाथ से बने सजावटी आइटम, मिट्टी के बर्तन और स्पेशल गिफ्ट आइटम्स मिलते हैं।
यह भी पढ़ें: DIY Rug Ideas: पुराने कपड़ों से घर पर बनाएं 7 खूबसूरत कारपेट, बिना ज्यादा खर्च के बदलें घर का लुक
इन बातों को रखें विशेष ध्यान
फेस्टिव सीजन में बाजारों में काफी ज्यादा भीड़ होती है। इसलिए कोशिश करें कि सुबह जल्दी बाजार निकलें और मार्केट में अलग-अलग दुकानों पर दाम जरूर चेक करें। इसके अलावा घर से निकलने से पहले यह जरूर पता लगा लें कि बाजार हफ्ते में किस दिन बंद रहता है और वहां किन साधनों से आसानी से पहुंचा जा सकता है।