Ram Mandir CEO Interview: अयोध्या के राम मंदिर में सीईओ पद पर नियुक्ति के लिए इंटरव्यू का सिलसिला सोमवार से शुरू हो गया है। इंटरव्यू देने आए अभ्यर्थियों से उनकी आस्था से जुड़े कई सवाल पूछे गए हैं। अभ्यर्थियों से पूछा गया कि, आप शाकाहारी है या मांसाहारी, जनेऊ पहने है या नहीं और शराब पीते हैं या नहीं। इस तरीके के कई सवाल पूछे गए हैं। बता दें कि आखिरी राउंड के लिए चयनित 18 उम्मीदवारों से एक-एक करके इंटरव्यू लिया जा रहा है।
हर दिन 6-6 अभ्यर्थियों का हो रहा साक्षात्कार
आपको बता दें कि राम मंदिर ट्रस्ट सीईओ पद के लिए 5200 से अधिक लोगों ने आवेदन किया था, जिसमें से 5 राउंट के ऑनलाइन संवाद के बाद केवल 18 उम्मीदवारों को अंतिम इंटरव्यू के लिए चुना गया है। सभी अभ्यर्थियों से गूगल फॉर्म भी भरवाए गए हैं। बता दें 11, 12 और 13 अगस्त को हर दिन 6-6 अभ्यर्थियों का साक्षात्कार लिया जा रहा है।
सनातन धर्म और जीवनशैली पर सवाल
सूत्रों के मुताबिक सीईओ की नियुक्ति के लिए अभ्यर्थियों का प्रशासनिक अनुभव को आधार बनाया गया है। साथ ही सनातन को मन से मानना भी चयन का बड़ा आधार बनाया गया है। इंटरव्यू के दौरान उनकी धार्मिक आस्था और निजी जीवनशैली से जुड़े कई सवाल पूछ गए। इनमें पूछा गया है कि क्या आप शाकाहारी हैं? क्या आप जनेऊ पहनते हैं? क्या आप शराब या किसी अन्य प्रकार का नशा करते हैं? क्या आप चोटी (शिखा) रखते हैं?
यह भी पढ़ें: PM Modi: “सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता” : Reels और इन्फ्लुएंसर्स के असर के बीच पीएम मोदी ने युवाओं को दी खास सलाह
प्रशासनिक और मैनेजमेंट को लेकर किए जा रहे सवाल
मुख्य कार्यपालक अधिकारी यानी सीईओ बनने के लिए आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों से उनके प्रशासनिक अनुभव की जानकारी भी ली गई। इंटरव्यू में उनसे भीड प्रबंधन, टीम मैनेजमेंट, धार्मिक आयोजनों का संचालन और विपरीत परिस्थितियों में उनके धैर्य को लेकर भी सवाल किए जा रहे हैं। फिलहाल बुधवार और गुरुवार को भी इंटरव्यू के दो राउंड होंगे। चयनित तीन अभ्यर्थियों का नाम ट्रस्ट को भेजा जाएगा।
3 सदस्यों की विशेष कमेटी ले रही इंटरव्यू
बता दें कि सीईओ पद के लिए आवेदकों की उम्र 50 से 70 साल के बीच तय की गई है। बंद कमरे में चल रहे इन साक्षात्कारों को 3 सदस्यों की एक विशेष कमेटी ले रही है, जिसमें जस्टिस प्रमोद कोहली, लेफ्टिनेंट जनरल रिटायर्ड विष्णुकांत चतुर्वेदी और वैज्ञानिक और शिरडी साईं बाबा ट्रस्ट के पूर्व चेयरमैन सुरेश हावरे शामिल हैं।