Tata Motors Price Hike: अगर आप टाटा मोटर्स का कोई कॉमर्शियल वाहन जैसे ट्रक, बस या पिक-अप खरीदने की सोच रहे हैं, तो यह खबर आपके काम की है। कंपनी ने ऐलान किया है कि आगामी 1 अक्टूबर 2026 से उसके सभी कॉमर्शियल वाहनों की कीमतें बढ़ जाएंगी। कंपनी द्वारा दी गई जानकारी के मुताबिक पूरे कॉमर्शियल व्हीकल पोर्टफोलियो की कीमतें 1 प्रतिशत तक बढ़ जाएंगी।
क्यों बढ़े दाम
टाटा मोटर्स के मुताबिक गाड़ियों को बनाने में इस्तेमाल होने वाले कच्चे माल जैसे स्टील, एल्युमीनियम और लॉजिस्टिक्स के खर्च लगातार बढ़ रहे हैं। कंपनी इस बढ़ी हुई लागत का बड़ा हिस्सा खुद उठा रही है, लेकिन बिजनेस को सही तरीके से चलाने के लिए कुछ बोझ ग्राहकों पर डालना पड़ रहा है। टाटा मोटर्स के इस फैसले का असर ट्रक्स, बसेज, पिक-अप्स और कमर्शियल यूटिलिटी व्हीकल्स की खरीद पर पड़ने वाला है।
मॉडल के हिसाब से अलग असर
हालांकि अलग-अलग मॉडल, वेरिएंट और पेलोड क्षमता के आधार पर गाड़ियों के दाम में फर्क पड़ेगा। कंपनी का मुख्य फोकस यह सुनिश्चित करना है कि न्यूनतम मूल्य संशोधन के साथ ग्राहकों पर बहुत ज्यादा आर्थिक बोझ न पड़े और बिजनेस का मार्जिन भी सुरक्षित रहे।
साल में दूसरी बार बढ़ोतरी
आपको बता दें कि कॉमर्शियल गाड़ियों के सेगमेंट में इस साल यह दूसरा इजाफा है। इससे पहले 1 अप्रैल 2026 को भी कंपनी ने दाम 1.5 प्रतिशत तक बढ़ाए थे। इसके अलावा टाटा मोटर्स ने 1 जुलाई 2026 से अपनी पैसेंजर कारों की कीमतों में भी 1.5 प्रतिशत तक की बढ़ोतरी की थी।
यह भी पढ़ें: हिट एंड रन से बचाएगा बाइक का ये छोटा कैमरा, ऐसे बनेगा पक्का सबूत
पूरी ऑटो इंडस्ट्री पर असर
यह समस्या सिर्फ टाटा मोटर्स की नहीं है। बल्कि कच्चे माल और माल ढुलाई की बढ़ती लागत के कारण पूरी ऑटोमोबाइल इंडस्ट्री दबाव में है। मारुति सुजुकी, हुंडई, एमजी मोटर, बीएमडब्लयू और मर्सिडीज-बेंज जैसी दिग्गज कंपनियां भी हाल के महीनों में अपने वाहनों के दाम बढ़ा चुकी है।