.jpg%3Falt%3Dmedia%26token%3Ddfd8f47c-8610-4f6f-b9c1-39eba6a4fb51&w=3840&q=75)
Crow Interesting Fact : जब हम पक्षियों की बात करते हैं, तो अधिकतर लोगों के मन में रंग-बिरंगे, चहचहाते और सुंदर जीवों की तस्वीर उभरती है. लेकिन क्या आपने कभी सोचा है कि कौआ, जिसे आमतौर पर सिर्फ एक काला, साधारण पक्षी समझा जाता है, वह वास्तव में अद्भुत याददाश्त, सामाजिकता और बदला लेने की क्षमता रखने वाला पक्षी है?
चोट लगते ही शुरू होती है चेतावनी
वैज्ञानिक शोधों में यह साबित हो चुका है कि यदि किसी कौए को किसी इंसान या जानवर द्वारा चोट पहुंचाई जाती है, तो वह सिर्फ दर्द महसूस नहीं करता, बल्कि उसे चोट देने वाले का चेहरा याद रख लेता है. यही नहीं, वह अपने पूरे झुंड को भी उस व्यक्ति के बारे में "सूचना" देता है। अगली बार जब वही व्यक्ति आसपास नजर आता है, तो पूरा कौओं का झुंड सतर्क हो जाता है या हमला तक कर देता है.
चेहरा याद रखने की अनोखी क्षमता
अमेरिका की यूनिवर्सिटी ऑफ वॉशिंगटन में किए गए एक प्रयोग में यह बात सामने आई कि कौए इंसानों के चेहरे को 5 साल या उससे भी अधिक समय तक याद रख सकते हैं. शोधकर्ताओं ने डरावने मास्क पहनकर कुछ कौओं को पकड़ने की कोशिश की थी. बाद में जब वही मास्क पहने लोग दोबारा उनके इलाके में आए, तो कौओं ने तुरंत उन्हें पहचान लिया और अपने झुंड के साथ मिलकर शोर मचाना, पीछा करना और घेरना शुरू कर दिया। यह सब सिर्फ चेहरे की याददाश्त के आधार पर हुआ.
कौए हैं सामाजिक और रणनीतिक
कौए सिर्फ अकेले नहीं सोचते वे अपने जैसे अन्य कौओं को अनुभव साझा करते हैं, उन्हें चेतावनी देते हैं और सामूहिक रूप से निर्णय लेते हैं. जब एक कौआ खतरे का सामना करता है, तो वह अपनी विशेष “कॉल” के जरिए आसपास के कौओं को सतर्क कर देता है। इनका आपसी संवाद इतना विकसित है कि वे मानो एक “सोशल नेटवर्क” की तरह काम करते हैं.
बदले की भावना – पक्षियों में दुर्लभ गुण
कौए उन गिने-चुने पक्षियों में से हैं जिनमें बदले की प्रवृत्ति देखी गई है. वे शत्रु को पहचान कर वर्षों बाद भी उस पर हमला कर सकते हैं, खासकर यदि उन्हें लगे कि खतरा अभी भी मौजूद है. यह व्यवहार पक्षियों में अत्यंत दुर्लभ माना जाता है और इसे उच्च बुद्धिमत्ता का संकेत माना जाता है. कौआ केवल एक पक्षी नहीं है, वह एक रणनीतिक, याददाश्त वाला और सामाजिक जीव है, जो चोट देने वाले को कभी नहीं भूलता. कभी अगली बार जब कोई कौआ आपको ऊपर से देख रहा हो, तो समझ लीजिए – वह आपको पहचान रहा है, और शायद याद भी रखेगा!