Geely New SUV Launch: ऑटोमोबाइल की दुनिया में लगातार नए और हैरान करने वाले अविष्कार हो रहे हैं। इसी क्रम में मशहूर कार निर्माता कंपनी गीली (Geely) ने अपनी नई फ्लैगशिप प्लग इन हाइब्रिड SUV गीली बैटलशिप 700 को आधिकारिक तौर पर लॉन्च कर दिया है। यह एसयूवी न सिर्फ सड़क पर दौड़ सकती है, बल्कि जरूरत पड़ने पर पानी में भी तैर सकती है। तो आइए इस एसयूवी के बारे में विस्तार से जानकारी देते हैं।
पानी में तैर सकती है
बता दें कि इस एसयूवी में खास इमरजेंसी फ्लोटिंग मोड दिया गया है। कंपनी का दावा है कि जरूरत पड़ने पर यह गाड़ी पानी में तैर सकती है और लगभग 7 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से पानी के अंदर सफर तय कर सकती है। साथ ही इस एसयूवी की पानी में उतरने की क्षमता 800 मिमी है। जिससे यह गहरे पानी से आसानी से निकल सकती है।
ड्राइविंग रेंज और चार्जिंग
इस एसयूवी में कंपनी की अत्याधुनिक थॉर EM-T ऑफ-रोड हाइब्रिड तकनीक का इस्तेमाल किया गया है। इसके अलावा इसमें CATL द्वारा तैयार किया गया 47.14 kWh का बड़ा बैटरी पैक दिया गया है, जो सिर्फ बैटरी पर लगभग 305 किलोमीटर तक की रेंज देता है। वहीं, फुल टैंक पेट्रोल और फुल चार्ज बैटरी मिलने पर इसकी कुल कंबाइंड रेंज 1770 किलोमीटर से ज्यादा हो जाती है। फास्ट चार्जिंग से ये एसयूवी मात्र 10 मिनट के अंदर बैटरी को 10 से 80 प्रतिशत तक चार्ज कर सकती है।
शानदार केबिन
इसके फ्रंट में 228 हाई-ब्राइटनेस एलईडी लाइट्स वाला स्काई आई लाइटिंग सिस्टम और रूफ पर 192-लाइन का एडवांस्ड लाडार सेंसर दिया गया है। जबकि गाड़ी के भीतर यात्रियों के आराम के लिए मार्शमैलो स्पा सीटें दी गई हैं। जिनमें 14-पॉइंट मसाज, वेंटिलेशन और हीटिंग जैसे फीचर्स मिलते हैं। इसके अलावा पीछे वाली सीटों को फ्लैट करके 1.8 मीटर लंबा बेड भी बनाया जा सकता है। इसमें 18.5 लीटर का बड़ा ड्यूल-डोर फ्रिज और इन बिल्ट ऑक्सीजन जनरेटर जैसी सुविधाएं भी मौजूद हैं।
यह भी पढ़ें: इस दिन भारत में लॉन्च होगी नई जनरेशन ऑडी Q3; बुकिंग हुई शुरू; जानें कीमत और फीचर्स
रिकॉर्डतोड़ बुकिंग
इस एसयूवी को लेकर लोगों में जबरदस्त क्रेज देखने को मिल रहा है। लॉन्च होने के सिर्फ 12 मिनट के अंदर ही 10,000 से ज्यादा लोगों ने इसे बुक कर लिया।
कितनी है कीमत
बता दें कि चीनी बाजार में इस 6 अलग-अलग वेरिएंट्स में उतारा गया है। इसकी शुरुआती कीमत लगभग 25.97 लाख रुपये से शुरू होकर इसके टॉप वेरिएंट के लिए करीब 53.42 लाख रुपये तक जाती है। हालांकि, अभी यह देखना बाकी है कि कंपनी इस बाहुबली गाड़ी को भारतीय बाजार में कब पेश करती है।