.jpg%3Falt%3Dmedia%26token%3D93a6bd91-ed95-43b4-bcb9-10b207ba7fee&w=3840&q=75)
Kakoda Ki Sabji : मानसून का मौसम आते ही भूख कुछ खास बढ़ जाती है. कभी कुछ तला-भुना खाने का मन करता है, तो कभी चाय के साथ पकौड़े. लेकिन अगर आप स्वाद के साथ सेहत की भी चिंता करते हैं, तो इस मौसम में कुछ अलग और हेल्दी ट्राय करना ज़रूरी है. ऐसे ही एक देसी, पारंपरिक और अक्सर अनदेखी रह जाने वाली सब्ज़ी है – ककोड़े की सब्ज़ी.
ककोड़ा जिसे कुछ जगहों पर कंटोला, काँकोड़ा या झंगली करेले के नाम से भी जाना जाता है, एक मौसमी हरी सब्ज़ी है जो बरसात में खेतों या झाड़ियों में उगती है. इसका स्वाद हल्का करेला जैसा होता है लेकिन कम कड़वा, और इसमें मौजूद फाइबर व एंटीऑक्सीडेंट इसे बहुत ही हेल्दी सब्ज़ी बनाते हैं. खास बात ये है कि अगर सही तरीके से बनाई जाए, तो ये सब्ज़ी न सिर्फ स्वादिष्ट होती है, बल्कि शरीर को बरसात के मौसम में संक्रमणों से भी बचाती है. तो आइए जानते हैं मानसून की इस खास सब्ज़ी की आसान और हेल्दी रेसिपी.
हेल्दी ककोड़े की सब्ज़ी – आसान विधि
सामग्री:
ककोड़े (कंटोला) – 250 ग्राम
प्याज़ – 1 बारीक कटा हुआ
टमाटर – 1 (वैकल्पिक, खटास के लिए)
लहसुन – 4–5 कलियां (कुचली हुई)
हरी मिर्च – 1-2 (बारीक कटी हुई)
हल्दी पाउडर – 1/2 छोटा चम्मच
धनिया पाउडर – 1 छोटा चम्मच
लाल मिर्च पाउडर – 1/2 छोटा चम्मच
नमक – स्वादानुसार
सरसों का तेल – 2 चम्मच (या कोई भी तेल)
हरा धनिया – सजाने के लिए
बनाने की विधि:
1. ककोड़े की तैयारी:
सबसे पहले ककोड़े को अच्छे से धो लें. फिर इन्हें दोनों सिरों से काटकर पतला-पतला लंबा काट लें. चाहें तो गोल टुकड़ों में भी काट सकते हैं.
2. हल्का भूनना (ऑइल कम करने का तरीका):
एक कड़ाही में थोड़ा सा तेल गर्म करें और उसमें कटे हुए ककोड़े डालें। 5-7 मिनट तक ढककर धीमी आंच पर पकाएं, ताकि वो थोड़ा नरम हो जाएं. इससे तेल कम लगेगा और सब्ज़ी जल्दी बनेगी.
3. तड़का लगाना:
अब अलग से थोड़ा तेल गर्म करें. उसमें लहसुन, प्याज़ और हरी मिर्च डालकर भूनें। जब प्याज़ सुनहरे हो जाएं, तब टमाटर, हल्दी, धनिया पाउडर, लाल मिर्च और नमक डालें. मसाले अच्छे से भून लें.
4. ककोड़े मिलाएं:
अब इसमें भुने हुए ककोड़े डालें और सब चीज़ों को अच्छी तरह मिक्स करें। ढककर 5-7 मिनट पकाएं, ताकि सब्ज़ी में मसाले अच्छे से मिल जाएं.
5. गार्निशिंग:
गैस बंद करने से पहले ऊपर से हरा धनिया डालें और 2 मिनट ढका हुआ छोड़ दें.
ककोड़े की सब्ज़ी के फायदे:
पाचन में मददगार और फाइबर से भरपूर
ब्लड शुगर कंट्रोल करने में सहायक
शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाए
वजन घटाने वालों के लिए बेहद फायदेमंद
मानसून में जब सब्ज़ियों की वैरायटी कम हो जाती है, तब ककोड़े जैसी मौसमी सब्ज़ियाँ एक बेहतरीन विकल्प होती हैं – सेहतमंद, स्वादिष्ट और देसी स्वाद से भरपूर. अगर आप तली हुई चीज़ों से बचना चाहते हैं और कुछ अलग खाना चाहते हैं, तो यह हेल्दी ककोड़े की सब्ज़ी ज़रूर ट्राय करें. इसे रोटी या चावल, दोनों के साथ परोसा जा सकता है.