परवल से बनाइए स्वादिष्ट मिठाई : परवल का नाम सुनते ही ज्यादातर लोगों के मन में सब्जी की तस्वीर आती है, लेकिन क्या आपने कभी इसकी मिठाई चखी है? पारंपरिक भारतीय मिठाइयों में परवल की मिठाई एक खास जगह रखती है। खोआ और ड्राई फ्रूट्स से तैयार यह स्वीट डिश स्वाद में बेहद लाजवाब होती है और त्योहारों से लेकर खास मौकों तक परोसी जाती है. अगर आप कुछ अलग और स्वादिष्ट ट्राई करना चाहते हैं, तो घर पर आसानी से परवल की मिठाई बना सकते हैं। इसका स्वाद इतना खास होता है कि बच्चे और बड़े दोनों इसे पसंद करते हैं.
मिठाई बनाने के लिए जरूरी सामग्री
इस स्वादिष्ट मिठाई को बनाने के लिए ज्यादा चीजों की जरूरत नहीं होती।
सामग्री:
500 ग्राम परवल
200 ग्राम खोआ
4-5 चम्मच चीनी
कटे हुए बादाम और पिस्ता
1 छोटा चम्मच इलायची पाउडर
1 कप पानी
केसर (वैकल्पिक)
इन सामग्रियों से मिठाई का स्वाद और खुशबू दोनों शानदार बन जाते हैं.
ऐसे करें तैयारी
सबसे पहले परवल को अच्छी तरह धो लें और हल्का छील लें. इसके बाद बीच में चीरा लगाकर बीज निकाल दें। ध्यान रखें कि परवल पूरी तरह टूटे नहीं. अब एक पैन में पानी और चीनी डालकर चाशनी तैयार करें। इसमें परवल डालकर कुछ मिनट तक पकाएं ताकि वे हल्के नरम हो जाएं। फिर इन्हें बाहर निकालकर ठंडा होने दें.
खोआ और ड्राई फ्रूट्स की स्टफिंग
एक अलग पैन में खोआ हल्का भून लें। इसमें इलायची पाउडर, कटे हुए ड्राई फ्रूट्स और चाहें तो थोड़ा केसर मिला दें। जब मिश्रण अच्छी तरह तैयार हो जाए, तो इसे ठंडा होने दें. अब इस मिश्रण को सावधानी से परवल के अंदर भरें। सभी परवल में स्टफिंग भरने के बाद उन्हें कुछ देर के लिए फ्रिज में रख दें ताकि मिठाई सेट हो जाए.
स्वाद और सेहत का बेहतरीन मेल
परवल की यह मिठाई स्वादिष्ट होने के साथ पौष्टिक भी मानी जाती है। ड्राई फ्रूट्स और खोआ इसमें भरपूर स्वाद जोड़ते हैं। खास बात यह है कि यह मिठाई देखने में भी बेहद आकर्षक लगती है. त्योहारों, मेहमानों के स्वागत या किसी खास मौके पर इसे सर्व किया जा सकता है। कई लोग इसे पारंपरिक मिठाइयों का हेल्दी विकल्प भी मानते हैं.
घर में जरूर करें ट्राई
अगर आप रोजमर्रा की मिठाइयों से कुछ अलग बनाना चाहते हैं, तो परवल की यह स्वीट डिश बेहतरीन विकल्प हो सकती है। इसका अनोखा स्वाद हर किसी को पसंद आएगा और घर के लोग बार-बार इसे बनाने की फरमाइश कर सकते हैं.