मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विकास बनाम अराजकता के मुद्दे पर प्रदेश की पिछली गैर भाजपा सरकारों को आड़े हाथों लिया। माफिया को फिर आगाह किया और अपनी सरकार की तमाम उपलब्धियां भी गिनाई। भगवान बुद्ध की धरती कुशीनगर के लोगों को मुख्य मंत्री योगी ने 424 करोड़ रुपए से अधिक की विकास योजनाओं की सौगात दी। उन्होंने कहा कि पहले की सरकारों के समय उत्तर प्रदेश कट्टा-बम बनाने वालों की पहचान से जुड़ा था, जबकि आज वही उत्तर प्रदेश देश की सुरक्षा के लिए ब्रह्मोस मिसाइल बना रहा है। पिछली सरकारें निर्दोष लोगों, व्यापारियों को लूटने के लिए कट्टा-बम बनाती थीं। बेटियों की सुरक्षा में सेंध लगाती थीं, लेकिन हमने इन शोहदों को ठीक किया है। जो ठीक नहीं हुआ, बोली से नहीं माना वो गोली से जरूर मान गया है।
मच्छर व माफिया, दोनों समस्याओं का किया समाधान
मुख्यमंत्री ने कहा कि जिस कुशीनगर में कभी मेडिकल कॉलेज, विश्वविद्यालय और एयरपोर्ट की कल्पना तक नहीं की जा सकती थी, आज वहां अपना मेडिकल कॉलेज, अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट और कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय जैसी सुविधाएं साकार रूप ले चुकी हैं।
इसी सत्र से शुरू होगा कृषि वि वि
इसी सत्र से कृषि विश्वविद्यालय का संचालन शुरू होगा और बच्चों का प्रवेश कराया जाएगा। किसानों को गन्ने का मूल्य 315 रुपये से बढ़ाकर 400 रुपये प्रति कुंतल दिया जा रहा है तथा भुगतान भी समय पर सुनिश्चित किया जा रहा है। इंसेफेलाइटिस की बीमारी लगभग समाप्त हो चुकी है, ठीक वैसे ही जैसे उत्तर प्रदेश से माफिया राज समाप्त हुआ है। मच्छर बीमारी लाता था और माफिया बेरोजगारी, लेकिन डबल इंजन सरकार ने दोनों समस्याओं का समाधान किया है।
फाजिल नगर का नया नाम
फाजिलनगर का नाम बदलकर पावागढ़ करने का प्रस्ताव भेजा गया है, जिससे यह क्षेत्र भगवान महावीर की विरासत से जुड़कर वैश्विक पहचान प्राप्त करेगा। वितरित किए स्वीकृति पत्र, चेक एवं टूल किट कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विभिन्न विभागों की योजनाओं के लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र, चेक एवं टूल किट वितरित किए। ग्राम विकास विभाग की मुख्यमंत्री आवास योजना के अंतर्गत संध्या देवी एवं प्रियंका को आवास स्वीकृति पत्र प्रदान किए गए। दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग की कॉक्लियर इम्प्लांट योजना के तहत कुमारी श्रेया शर्मा एवं कुमारी कृति को स्वीकृति पत्र वितरित किए गए।
राजकीय ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत स्वयं सहायता समूहों की प्रतिनिधि अभिनेती सिंह एवं निभा गौड़ को 13 करोड़ का चेक प्रदान किया गया। कृषि विभाग द्वारा फार्मर मशीनरी बैंक के लिए विवेक गुप्ता को चाबी सौंपी गई, जबकि मिलेट्स प्रोत्साहन कार्यक्रम के तहत मनोज कुशवाहा को ₹10 लाख का चेक प्रदान किया गया। जिला प्रोबेशन विभाग की बाल सेवा योजना के अंतर्गत कुमारी अनुष्का एवं गुरफान अली को स्वीकृति पत्र वितरित किए गए। उद्योग विभाग की विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना के तहत कुमारी रूबीना खातून को सिलाई मशीन टूलकिट प्रदान की गई। वहीं बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग की प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के अंतर्गत साबिया खातून को स्वीकृति पत्र देकर सम्मानित किया गया।