
आज के समय में लगभग हर घर में एक्सटेंशन बोर्ड का इस्तेमाल होता है. एक ही जगह से कई डिवाइस को चार्ज या पावर देने के लिए लेकिन क्या आप जानते हैं कि इसी एक्सटेंशन बोर्ड की वजह से आगजनी या शॉर्ट सर्किट जैसी घटनाएं हो सकती हैं? दरअसल, एक्सटेंशन बोर्ड छोटे उपकरणों जैसे मोबाइल चार्जर, टेबल लैंप या लैपटॉप को पावर देने के लिए बनाए जाते हैं लेकिन अगर आप उस पर ऐसे डिवाइस लगा देते हैं जो ज़्यादा बिजली खींचते हैं, तो बोर्ड ओवरलोड हो जाता है. ओवरलोडिंग से वायरिंग गर्म होकर पिघल जाती है और नतीजा स्पार्किंग, फ्यूज या आग लग सकती है तो अगर आप भी अपने घर में ये गलती कर रहे हैं, तो सावधान हो जाइए, क्योंकि नुकसान बड़ा हो सकता है.
हीटर, गीजर और आयरन, सबसे बड़ा खतरा!
ये तीनों डिवाइस सबसे ज्यादा बिजली खपत करने वाले उपकरण हैं. इनका पावर कंजम्प्शन 1000 से 2000 वॉट या उससे ज्यादा होता है. एक्सटेंशन बोर्ड इतने भारी लोड के लिए डिजाइन नहीं किया गया होता, इसलिए जब इन्हें लंबे समय तक चलाया जाता है तो बोर्ड की वायरिंग पिघलने लगती है. नतीजा ये होता है कि ओवरहीटिंग और आग लगने का खतरा होता है, विशेषज्ञों का कहना है कि अगर आपको घर गर्म रखना है, तो इन डिवाइस को हमेशा डायरेक्ट वॉल सॉकेट में ही लगाएं, एक्सटेंशन बोर्ड में नहीं.
रेफ्रिजरेटर, वॉशिंग मशीन और माइक्रोवेव
इन डिवाइस में मोटर और कंप्रेसर होते हैं, जो स्टार्ट होते समय बहुत ज्यादा करंट खींचते हैं. एक्सटेंशन बोर्ड इस तरह के अचानक बढ़े करंट को सहन नहीं कर पाता और कई बार सर्किट जल जाता है या फ्यूज उड़ जाता है. यही वजह है कि इन्हें हमेशा दीवार के सॉकेट से सीधे कनेक्ट किया जाना चाहिए. माइक्रोवेव या फ्रिज जैसे उपकरणों के लिए अलग पावर लाइन रखना सबसे सुरक्षित विकल्प माना जाता है.
इंडक्शन कुकर, केतली और टोस्टर
रसोई में एक्सटेंशन बोर्ड लगाकर इंडक्शन या इलेक्ट्रिक केतली चलाने की गलती न करें. इनका पावर कंजम्प्शन भी 1500–2000 वॉट तक होता है. एक्सटेंशन बोर्ड के केबल इतनी बिजली नहीं झेल पाते और कुछ ही मिनटों में ओवरहीट होकर आग पकड़ सकते हैं. इसी तरह, कंप्यूटर या गेमिंग पीसी को भी एक्सटेंशन बोर्ड में एक साथ मॉनिटर, स्पीकर और चार्जर के साथ जोड़ने से बचें. इससे फ्यूज उड़ सकता है या पावर फ्लक्चुएशन से आपके कीमती डिवाइस खराब हो सकते हैं.
AC और कूलर- सबसे बड़ा इलेक्ट्रिक रिस्क!
एयर कंडीशनर और कूलर जैसे उपकरण लगातार बिजली खींचते हैं. अगर इन्हें एक्सटेंशन बोर्ड में लगाया जाए, तो बोर्ड का केबल कुछ ही देर में गर्म होकर शॉर्ट सर्किट का कारण बन सकता है. एक्सपर्ट्स साफ कहते हैं कि AC या कूलर को हमेशा अलग सर्किट लाइन या डायरेक्ट सॉकेट में लगाना चाहिए. एक्सटेंशन बोर्ड केवल हल्के लोड जैसे मोबाइल चार्जर, नाइट लैम्प या वाई-फाई राउटर के लिए सुरक्षित है. इसलिए अगली बार जब भी आप एक्सटेंशन बोर्ड में कोई नया डिवाइस लगाएं, एक बार जरूर सोच लें कहीं ये छोटी सी गलती बड़ा नुकसान न कर दे