पिछले काफी समय से संभल सुर्खियों में बना हुआ था लेकिन अब योगी के बुलडोजर एक्शन के बाद फिर से चर्चा में छा गया है, दरअसल बहजोई नगर में अतिक्रमण की लगातार बढ़ती समस्या को देखते हुए प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए “अतिक्रमण हटाओ अभियान” चलाया. इस दौरान CM योगी की बुलडोजर नीति के तहत अभियान चला, जहां नगर के प्रमुख क्षेत्रों में अवैध कब्जों को हटाया गया.
प्रशासन की मौजूदगी में गरजा बुलडोजर
प्रशासन की मौजूदगी में चले इस अभियान के दौरान स्टेशन रोड, अस्पताल रोड, कंठ बाजार रोड सहित कई स्थानों से अतिक्रमण हटाया गया. सड़क किनारे दुकानदारों द्वारा सड़क के ऊपर तक फैलाए गए कब्जों को पुलिस बल की मौजूदगी में हटाया गया और सफाई कराई गई. आपको बता दें बहजोई के सीओ, डिप्टी कलेक्टर, अधिशासी अधिकारी, पुलिस बल और नगर पालिका के सफाई कर्मी और अन्य अधिकारी मौजूद रहे.
कई दुकानदारों से कहासुनी
हालांकि अतिक्रमण हटाने के दौरान कई दुकानदारों से कहासुनी और हल्की नोकझोंक भी देखने को मिली, लेकिन प्रशासन ने सख्ती से कार्यवाही जारी रखी. नगरवासियों ने इस कदम की सराहना करते हुए उम्मीद जताई कि इस तरह की कार्यवाहियां आगे भी जारी रहेंगी जिससे शहर की सुंदरता और यातायात व्यवस्था दोनों में सुधार होगा.