मेरठ के सरधना क्षेत्र के तीन गांवों में एक ही समय पर सात लोगों के एचआईवी पॉजिटिव मिलने से स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया है. ये मामले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पर सामान्य बीमारियों के इलाज के दौरान सामने आए. जांच के दौरान डॉक्टरों को मरीजों में एचआईवी जैसे लक्षण नजर आए, जिसके बाद की गई पुष्टि में रिपोर्ट पॉजिटिव मिली.
इलाज शुरू, संक्रमितों को दी जा रही देखरेख
सीएचसी प्रभारी डॉ. संदीप गौतम ने बताया कि रिपोर्ट पॉजिटिव आते ही सभी मरीजों को बुलाकर इलाज शुरू कर दिया गया है. स्वास्थ्य विभाग ने सतर्कता बढ़ा दी है और मरीजों को समय से दवा और परामर्श दिया जा रहा है, ताकि संक्रमण न बढ़े.
गांवों में जागरूकता अभियान तेज
संक्रमण की चेन तोड़ने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने संबंधित गांवों में जागरूकता अभियान छेड़ दिया है. विशेष स्वास्थ्य कैंप लगाए जा रहे हैं, जहां लोगों को एचआईवी के लक्षण, बचाव और जांच की जानकारी दी जा रही है.
आशा और निगरानी टीमों की तैनाती
15 आशा कार्यकर्ताओं की टीम को घर-घर भेजा गया है ताकि लोग सतर्क रहें और लक्षण दिखने पर जांच कराएं. एक विशेष निगरानी टीम भी गठित की गई है जो संदिग्धों की जांच कर रही है. विभाग ने अफवाहों से बचने और समय पर इलाज की अपील की है.