.jpg%3Falt%3Dmedia%26token%3Db910deec-4b25-4863-903e-82ed23968ad2&w=3840&q=75)
Taj Hotel and temples: राजधानी दिल्ली और केरल में शनिवार को बम धमाके की धमकी से हड़कंप मच गया। दिल्ली के चाणक्यपुरी स्थित ताज पैलेस होटल को आधी रात को एक ईमेल मिला, जिसमें दावा किया गया था कि होटल में 16 बम लगाए गए हैं और सुबह 11 बजे तक होटल खाली करा लिया जाए। उस समय होटल में कई वीवीआईपी मौजूद थे। तुरंत पुलिस और बम स्क्वॉड मौके पर पहुंचे और पूरे परिसर की गहन तलाशी ली, लेकिन कोई संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई। बाद में जांच में सामने आया कि यह ईमेल उसी आईडी से भेजा गया था, जिससे एक दिन पहले दिल्ली हाईकोर्ट को भी बम से उड़ाने की धमकी दी गई थी।
केरल के मंदिरों को भी मिली धमकी
उधर, केरल के तिरुवनंतपुरम स्थित प्रसिद्ध पद्मनाभस्वामी मंदिर और अट्टकल देवी मंदिर को भी शनिवार को धमकी भरे मेल भेजे गए। मेल में स्पष्ट रूप से किसी स्थान का नाम नहीं था, लेकिन एहतियातन पुलिस ने बम स्क्वॉड और डॉग स्क्वॉड की मदद से मंदिर परिसरों की तलाशी ली। अधिकारियों के मुताबिक अब तक वहां भी कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली है और स्थिति सामान्य है। हालांकि लगातार धमकी भरे ईमेल्स से सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड पर आ गई हैं।
यह भी देखेंःDanger increases in Uttarakhand: उत्तराखंड में बढ़ा खतरा, ग्लेशियर टूटने से बाढ़ और बिजली संकट की आशंका
साइबर सेल कर रही जांच
दिल्ली पुलिस ने इस मामले में एफआईआर दर्ज कर साइबर सेल को जांच सौंपी है। अधिकारी तकनीकी जांच के जरिए ईमेल भेजने वाले की पहचान करने की कोशिश कर रहे हैं। इसी तरह मुंबई के बॉम्बे हाईकोर्ट को भी हाल ही में धमकी भरा मेल मिला था, जिसके बाद आजाद मैदान थाने में अज्ञात आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 353(1) और 353(2) के तहत केस दर्ज किया गया है। फिलहाल सुरक्षा एजेंसियां इसे गंभीर चुनौती मानकर जांच तेज कर रही हैं, ताकि जल्द ही इस धमकी के पीछे का मकसद और आरोपी सामने आ सकें।