आईपीएल 2026 के 49वें मुकाबले में पंजाब किंग्स को सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ 33 रन से हार का सामना करना पड़ा। इस मुकाबले में पंजाब की तरफ से कई बड़ी गलतियां देखने को मिलीं। सबसे पहली और बड़ी गलती टॉस जीतने के बाद गेंदबाजी चुनना रही। कप्तान श्रेयस अय्यर का फैसला पूरी तरह उल्टा पड़ गया। हैदराबाद के बल्लेबाजों ने शुरुआत से ही आक्रामक अंदाज अपनाया और 20 ओवर में 235 रन का विशाल स्कोर खड़ा कर दिया।
हैदराबाद ने किया हमला
पहले बल्लेबाजी करने उतरी सनराइजर्स हैदराबाद की टीम ने पंजाब के गेंदबाजों पर लगातार दबाव बनाए रखा। हेनरिक क्लासेन ने 43 गेंदों में 59 रन की तेज पारी खेली जबकि ईशान किशन ने भी शानदार 55 रन बनाए। दोनों बल्लेबाजों ने दिखा दिया कि पिच बल्लेबाजी के लिए काफी अनुकूल थी। ऐसे में पंजाब का पहले गेंदबाजी करने का फैसला टीम के लिए भारी पड़ गया।
फील्डिंग ने बढ़ाई मुश्किल
पंजाब की हार में खराब फील्डिंग भी बड़ा कारण बनी। मैच के दौरान कई आसान कैच छोड़े गए जिससे हैदराबाद को अतिरिक्त मौके मिल गए। शशांक सिंह, कूपर कॉनोली और लॉकी फर्ग्यूसन ने आसान कैच टपकाए। इसके अलावा विकेटकीपर प्रभसिमरन सिंह ने भी आसान स्टंपिंग का मौका गंवा दिया। इन गलतियों का फायदा उठाकर हैदराबाद के बल्लेबाजों ने तेजी से रन बनाए और स्कोर को 235 तक पहुंचा दिया।
शुरुआत में बिखरी टीम
236 रन के बड़े लक्ष्य का पीछा करने उतरी पंजाब किंग्स की शुरुआत बेहद खराब रही। टीम के दोनों ओपनर प्रियांश आर्य और प्रभसिमरन सिंह सस्ते में आउट हो गए। प्रियांश सिर्फ 1 रन जबकि प्रभसिमरन 3 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। पंजाब ने सिर्फ 4 रन के स्कोर पर दो विकेट गंवा दिए थे। शुरुआती झटकों ने टीम की पूरी रन चेज रणनीति को बिगाड़ दिया।
इसे भी पढ़ें : क्रिकेट इतिहास का सबसे शर्मनाक रिकॉर्ड, 8 बल्लेबाज बिना खाता खोले लौटे
रिकॉर्ड भी नहीं आया काम
पंजाब किंग्स के नाम आईपीएल इतिहास का सबसे बड़ा सफल रन चेज करने का रिकॉर्ड दर्ज है। इसी सीजन टीम ने दिल्ली के खिलाफ 265 रन का लक्ष्य हासिल किया था। इसी वजह से फैंस को उम्मीद थी कि पंजाब 236 रन का लक्ष्य हासिल कर सकती है। लेकिन इस बार खराब शुरुआत और लगातार दबाव के कारण टीम मुकाबले में वापसी नहीं कर सकी।
हैदराबाद की मजबूत वापसी
इस जीत के साथ सनराइजर्स हैदराबाद ने पॉइंट्स टेबल में अपनी स्थिति और मजबूत कर ली है। दूसरी तरफ पंजाब किंग्स को बड़ा झटका लगा है। टीम की गलतियों ने साफ कर दिया कि बड़े मुकाबलों में छोटी चूक भी हार का कारण बन सकती है। अब पंजाब को अगले मैचों में अपनी रणनीति और फील्डिंग दोनों में सुधार करना होगा।