
थाना सरधना क्षेत्र के कुलंजन गांव में उस समय मातम छा गया जब शनिवार को 23 वर्षीय साकिब की मौत की खबर आई। साकिब की शादी अभी तीन माह पूर्व 21 जून 2025 को परीक्षितगढ़ थाना क्षेत्र के अगवानपुर निवासी साजिया के साथ हुई थी। शनिवार को वह पत्नी, सास अजीजा और ससुर अख्तर के साथ बस से कुलंजन आ रहा था। दौराला चौराहे पर सभी उतरे, जहां साकिब ने पत्नी और सास-ससुर को ई-रिक्शा में बिठाकर कुलंजन भेज दिया और खुद खतौली जाने की बात कहकर वहां से अलग चला गया।
ओवरहेड टैंक से कूदकर आत्महत्या कर ली
कुछ देर बाद जब पत्नी ने फोन किया तो मोबाइल उठाने वाले ने खुद को दौराला थाने का दरोगा बताते हुए सूचना दी कि साकिब घायलावस्था में दौराला सीएचसी में भर्ती है। यह सुनते ही परिजन और सास-ससुर तुरंत अस्पताल पहुंचे। वहां जानकारी मिली कि साकिब ने दौराला स्थित लावड़ टेंपो स्टैंड के पास बने ओवरहेड टैंक से कूदकर आत्महत्या कर ली है।
पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया
मृतक के पिता अख्तर ने बताया कि साकिब मेहनत-मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करता था। उसका छोटा भाई उम्मेद पंजाब में नौकरी करता है। अचानक हुई इस घटना से परिवार में कोहराम मचा हुआ है। इंस्पेक्टर दौराला सुमन कुमार सिंह ने बताया कि मृतक के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। आत्महत्या के कारणों का अभी पता नहीं चल सका है। पुलिस विधिक कार्रवाई में जुटी हुई है।